अब नियत तिथि पर होंगे छात्र संघ चुनाव : धन सिंह

उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. धन सिंह रावत ने लिंगदोह समिति की सिफारिश के अनुसार पूरे राज्य में एक दिन में छात्र संघ चुनाव सम्पन्न कराने का शुक्रवार को निर्देश दिए

Update: 2018-08-24 23:36 GMT

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. धन सिंह रावत ने लिंगदोह समिति की सिफारिश के अनुसार पूरे राज्य में एक दिन में छात्र संघ चुनाव सम्पन्न कराने का शुक्रवार को निर्देश दिये। 

डा. रावत ने छात्रसंघ चुनाव के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक में सत्र नियमन एवं 180 दिन की कक्षा संचालित कराने का भी निर्देश दिया। 

उन्होंने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि लिंगदोह सिफारिश के अनुसार छात्रसंघ चुनाव 10 सितम्बर और छात्र महासंघ के चुनाव 15 सितम्बर के पूर्व सम्पन्न कराना अनिवार्य है। पूरे राज्य में एक दिन चुनाव के लिए निर्धारित होगा। इसके लिये सम्बन्धित प्राचार्य शीघ्र अधिसूचना जारी करेंगे। 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है, जहाँ लिंगदोह सिफारिश को व्यवहारिक बनाने के लिए प्रोफेसर धामी की अध्यक्ष में बनायी गई समिति ने संशोधन किया है। इस समिति के अनुसार छात्रसंघ चुनाव में छह पद चुनाव से एवं छह पद नामित सदस्यों से लिए जायेंगे। नामित सदस्य में स्नातक और स्नातकोत्तर के टापर्स, एनसीसी, एनएसएस एवं रचनात्मक गतिविधियों में शामिल छात्रों को शामिल किया जायेगा। जहाँ प्राचार्य ईवीएम से चुनाव की मांग करेंगे, वहां ईवीएम से मतदान कराया जायेगा। 

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में व्यय सीमा पांच हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये एवं जहाँ 10 हजार से अधिक छात्र होंगे, वहां 50 हजार होगा। उन्होंने बताया कि महासंघ के खर्च को संचालित करने के लिए पांच रुपये प्रति छात्र वार्षिक लिया जायेगा। छात्रसंघ कोष में प्राचार्य एवं चुनाव अधिकारी तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण के साथ अध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष को संयुक्त रूप से खर्च करने का अधिकार दिया जायेगा। 

उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में चुने गये अध्यक्ष एवं महासचिव को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में आकदमिक परिषद के अन्दर शामिल किया जायेगा। चुनाव के तुरन्त बाद सरकार छात्र संघ सम्मेलन का आयोजन करेगी। इसमें उच्च शिक्षा गुणवत्ता के लिए सुझाव लिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित होगा एवं अध्यक्ष और महासचिव के पद आगामी चुनाव में रोटेशन के आधार पर आरक्षित होगा। 

Full View

Tags:    

Similar News