वर्ल्ड कप 2023 के बाद आईसीसी इवेंट में टीम इंडिया को मिली पहली हार, बनाया तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर

आईसीसी इवेंट में साल 2023 वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम को पहली बार हार का मुंह देखना पड़ा है।

Update: 2026-02-23 04:20 GMT

अहमदाबाद। टी-20 विश्व कप 2026 में रविवार को टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। आईसीसी इवेंट में साल 2023 वनडे विश्व कप के बाद भारतीय टीम को पहली बार हार का मुंह देखना पड़ा है।

2023 विश्व कप के बाद तीनों फॉर्मेट को मिलाकर आईसीसी इवेंट में भारतीय टीम ने इस मुकाबले से पहले कुल 17 मैच खेले थे और सभी में जीत दर्ज की थी। हालांकि, नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया के विजय रथ पर ब्रेक लग गया।

साउथ अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 111 रन बनाकर सिमट गई। रनों के लिहाज से सूर्या की सेना को टी20 विश्व कप की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी।

भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर सुपर-8 राउंड के मुकाबले में ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, अभिषेक शर्मा महज 15 रन बनाकर चलते बने। तिलक वर्मा का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा और वह महज एक रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का श शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पांड्या भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।

शिवम दुबे ने 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3.5 ओवर में महज 22 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए, जबकि केशव महाराज ने 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 187 रन लगाए। टीम की तरफ से डेविड मिलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने भी ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 29 गेंदों में 45 रन बनाए। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने बनाया तीसरा न्यूनतम स्कोर, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल

अहमदाबाद, 23 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 का मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम को इस मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का 2022 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद से चला आ रहा विजय क्रम टूट गया।

भारतीय टीम को जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का लक्ष्य दिया था। बड़े स्कोर के दबाव में भारतीय टीम बिखर गई। टीम इंडिया महज 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से मैच गंवा बैठी। टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी हार है।

111 का स्कोर भारतीय टीम का विश्व कप के इतिहास में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है।

भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में सबसे छोटा स्कोर 79 है। टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में ही 79 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद टी20 विश्व कप 2021 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 110 रन बना सकी थी। टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का चौथा न्यूनतम स्कोर 118 है। यह स्कोर 2009 में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। पांचवां न्यूनतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 में आया था। टीम इंडिया तब न्यूयॉर्क में 119 रन पर सिमट गई थी। हालांकि, उस मैच में भारतीय टीम विजयी रही थी।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में बड़ी हार का सामना करने वाली टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। टीम इंडिया का रन रेट माइनस में चला गया है। सेमीफाइनल में जगह बनाने की किसी भी संभावना को बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अगले दो मैचों में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच 26 फरवरी को चेन्नई में और वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच 1 मार्च को कोलकाता में खेला जाएगा।

--आईएएनएस

पीएके

Tags:    

Similar News