सुप्रीम कोर्ट से विनेश फोगाट को राहत, एशियन गेम्स ट्रायल्स में खेलने की अनुमति

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि फिलहाल विनेश फोगाट को ट्रायल्स में हिस्सा लेने से नहीं रोका जा सकता। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश के पक्ष में फैसला देते हुए WFI को उन्हें ट्रायल्स में शामिल करने का निर्देश दिया था।;

Update: 2026-05-29 09:04 GMT

नई दिल्‍ली: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें 2026 एशियन गेम्स के चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दे दी है। यह ट्रायल्स 30 और 31 मई को आयोजित होने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की उस याचिका पर आया, जिसमें उसने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।

हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि फिलहाल विनेश फोगाट को ट्रायल्स में हिस्सा लेने से नहीं रोका जा सकता। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश के पक्ष में फैसला देते हुए WFI को उन्हें ट्रायल्स में शामिल करने का निर्देश दिया था।हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि मातृत्व को किसी खिलाड़ी की अयोग्यता का आधार नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने माना कि महिला खिलाड़ियों को मां बनने के कारण खेल से बाहर करना उचित नहीं है और यह उनके अधिकारों के खिलाफ होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने विनेश की उपलब्धियों का किया जिक्र

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि उन्होंने कई मौकों पर देश का नाम रोशन किया है और उनका मामला सामान्य खिलाड़ियों से अलग है। बेंच ने टिप्पणी करते हुए कहा, “अगर कोई और खिलाड़ी होता तो मामला अलग हो सकता था, लेकिन विनेश ने देश को गौरवान्वित किया है।” हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि खेल प्रशासन में बार-बार न्यायिक हस्तक्षेप सही नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने कहा कि इससे पूरे खेल कार्यक्रम और चयन प्रक्रिया पर असर पड़ता है।

खेल व्यवस्था में हस्तक्षेप पर अदालत की चिंता

जस्टिस नरसिम्हा ने सुनवाई के दौरान कहा कि खिलाड़ी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, देश और खेल व्यवस्था सबसे पहले आते हैं। उन्होंने कहा कि अदालतों को खेल संघों के तय कार्यक्रम और चयन प्रक्रिया में संतुलन बनाए रखना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले में काफी तेजी दिखाई, जिससे चयन शेड्यूल प्रभावित हो सकता था। अदालत ने संकेत दिया कि भविष्य में ऐसे मामलों में न्यायिक हस्तक्षेप को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

अगले हफ्ते फिर होगी सुनवाई

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को राहत देते हुए ट्रायल्स में शामिल होने की अनुमति दे दी है। साथ ही अदालत ने WFI से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News