वैभव सूर्यवंशी समेत 3 ‘डक’, IPL इतिहास का सबसे खतरनाक पहला ओवर, प्रफुल हिंगे ने डेब्यू मैच में बरपाया कहर
आईपीएल के 19 सीजन के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट गिरे हों। वह भी सभी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए हों, यह उपलब्धि इस प्रदर्शन को और भी खास बनाती है।
हैदराबाद: SRH Vs RR: आईपीएल जैसे बड़े मंच पर डेब्यू करना हर खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन बहुत कम खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो अपने पहले ही मैच में ऐसा प्रदर्शन कर दें कि उनका नाम इतिहास में दर्ज हो जाए। सनराइजर्स हैदराबाद के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने ऐसा कारनामा किया, जो आईपीएल के 19 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था।
पहले ही ओवर में 3 विकेट, वो भी शून्य पर
13 अप्रैल को खेले गए इस मुकाबले में सभी की नजरें राजस्थान के विस्फोटक बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल पर टिकी थीं। लेकिन मैच खत्म होने तक चर्चा सिर्फ एक नाम पर सिमट गई—प्रफुल हिंगे। हैदराबाद के लिए पारी का पहला ओवर लेकर आए हिंगे ने पहली गेंद पर जायसवाल को एक रन दिया। इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर क्रीज पर आए वैभव सूर्यवंशी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीमा रेखा पार नहीं कर सकी और विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हो गए। खास बात यह रही कि यह वैभव की पहली ही गेंद थी और वह खाता खोले बिना लौट गए।
इसके बाद ध्रुव जुरेल क्रीज पर आए, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। उन्होंने दो गेंदें खेलीं और बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए। तीसरे बल्लेबाज के रूप में डेब्यू कर रहे 19 वर्षीय लुआन-ड्रे प्रिटोरियस भी इसी ओवर में शिकार बने और वे भी शून्य पर आउट हो गए। इस तरह प्रफुल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में सिर्फ 1 रन देकर 3 विकेट झटक लिए और तीनों बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
IPL इतिहास में पहली बार ऐसा कारनामा
आईपीएल के 19 सीजन के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट गिरे हों। वह भी सभी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए हों, यह उपलब्धि इस प्रदर्शन को और भी खास बनाती है। प्रफुल यहीं नहीं रुके। अपने दूसरे ओवर में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को भी आउट कर दिया। इस तरह उन्होंने शुरुआती दो ओवरों में सिर्फ 6 रन देकर 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
A dream debut ⭐
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 13, 2026
Vaibhav Sooryavanshi ✅ Dhruv Jurel ✅ Lhuan-dre Pretorious✅
Praful Hinge gets 3 wickets in his first over #TATAIPL#TATAIPL #IPLRivalryWeek 2026 👉 #SRHvRR | LIVE NOW 👉https://t.co/kOHOKuG1Hi pic.twitter.com/4KLyM6S1z0
वैभव सूर्यवंशी का सिलसिला टूटा
इस मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने पिछले चार मैचों में जसप्रीत बुमराह, जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज गेंदबाजों की पहली गेंद पर बाउंड्री लगाई थी। लेकिन प्रफुल हिंगे के सामने उनकी आक्रामक शुरुआत का सिलसिला टूट गया और वे पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
कौन हैं प्रफुल हिंगे?
प्रफुल हिंगे का क्रिकेट सफर संघर्ष और मेहनत से भरा रहा है। नागपुर के रहने वाले प्रफुल विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उनके पिता बिजली विभाग में कर्मचारी हैं और परिवार साधारण मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि से आता है। शुरुआत में उनके पिता क्रिकेट को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं थे, लेकिन एक समर कैंप में प्रफुल की प्रतिभा देखने के बाद उन्होंने पूरा समर्थन देना शुरू किया। इसके बाद प्रफुल ने विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की एकेडमी से ट्रेनिंग लेकर अपने खेल को निखारा। वे भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव को अपना आदर्श मानते हैं, जो खुद भी विदर्भ से आते हैं।
घरेलू क्रिकेट से IPL तक का सफर
प्रफुल ने 2024 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया और तब से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक खेले 10 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 27 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा 6 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 5 विकेट दर्ज हैं। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल डेब्यू से पहले उन्होंने एक भी प्रोफेशनल टी20 मैच नहीं खेला था। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का भी हिस्सा नहीं थे। बावजूद इसके, रणजी ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन ने सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच वरुण एरॉन का ध्यान खींचा। ट्रायल के दौरान उन्होंने अपनी गति और लाइन-लेंथ से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें ऑक्शन में 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया।
देर से मौका, लेकिन बना दिया यादगार
प्रफुल को डेब्यू के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ा। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में उन्हें मौका मिलने की उम्मीद थी, और कप्तान ईशान किशन ने टॉस के दौरान इसका संकेत भी दिया था। हालांकि अंतिम समय में टीम मैनेजमेंट ने फैसला बदल दिया और उनका डेब्यू टल गया। लेकिन जब आखिरकार उन्हें मौका मिला, तो उन्होंने उसे दोनों हाथों से लपक लिया और अपने पहले ही मैच को ऐतिहासिक बना दिया। प्रफुल हिंगे का यह प्रदर्शन न सिर्फ उनके करियर के लिए मील का पत्थर है, बल्कि आईपीएल इतिहास में भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा।