गुवाहाटी: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सोमवार का मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि भावनाओं और बदलाव की कहानी भी लेकर आ रहा है। लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान और पहचान रहे संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जर्सी में उसी टीम के खिलाफ उतरेंगे। वहीं, चेन्नई के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। यह अदला-बदली इस सीजन की सबसे बड़ी चर्चाओं में रही है और इस मुकाबले ने इसे और खास बना दिया है।
रॉयल्स से ‘युग का अंत’, CSK में नई शुरुआत
संजू सैमसन पिछले एक दशक से अधिक समय तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान और टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम 2022 में फाइनल तक पहुंची थी और वे फ्रेंचाइजी की पहचान बन चुके थे। लेकिन इस सीजन से पहले हुए बड़े बदलाव में सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए। अब वह CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे और टीम के नेतृत्व समूह का अहम हिस्सा होंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप के हीरो पर नजरें
सैमसन हाल ही में भारत की टी-20 विश्व कप जीत के प्रमुख नायकों में शामिल रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन मैचों में 50+ स्कोर बनाकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में चेन्नई की उम्मीदें उनसे काफी ज्यादा होंगी, खासकर तब जब टीम को मजबूत शुरुआत की जरूरत होगी।
धोनी की गैरमौजूदगी में बढ़ी जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी फिटनेस कारणों से शुरुआती दो सप्ताह के लिए टीम से बाहर हैं। वह गुवाहाटी में टीम के साथ भी नहीं हैं। ऐसे में सैमसन और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी कि वे टीम को संतुलित और मजबूत शुरुआत दिलाएं।
ये भी रहेंगे गैरमौजूद
धोनी के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के डिवाल्ड ब्रेविस भी गुवाहाटी में होने वाले से बाहर रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रेविस को साइड स्ट्रेन हैं, जिसके चलते वो कम से कम 2 मैचों से बाहर रह सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से बाहर रहने वाला तीसरा खिलाड़ी भी चेन्नई सुपर किंग्स का है और वो हैं नाथन एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर आए स्पेन्सर जॉनसन। इस ऑस्ट्रेलियाई पेसर के बारे में कहा जा रहा है कि वो अभी तक टीम से भी नहीं जुड़े हैं।
CSK में युवाओं को मिल सकता है मौका
धोनी की अनुपस्थिति में युवा खिलाड़ियों के लिए मौका बनने की संभावना भी बढ़ गई है। 20 वर्षीय स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर को मौका मिल सकता है, जिन्होंने घरेलू टी-20 में प्रभावित किया है। 14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए कार्तिक शर्मा भी चर्चा में हैं, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा, शिवम दुबे और आयुष म्हात्रे जैसे बल्लेबाज टीम के मध्यक्रम को मजबूती देंगे। गेंदबाजी में नूर अहमद, अकील हुसैन, मैट हेनरी और खलील अहमद जिम्मेदारी संभालेंगे।
राजस्थान में नए युग की शुरुआत
संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स के लिए यह एक नए दौर की शुरुआत है। टीम की कप्तानी अब युवा रियान पराग के हाथों में है, जो अपने घरेलू मैदान पर नेतृत्व की शुरुआत करेंगे। रवींद्र जडेजा के शामिल होने से टीम को अनुभव और संतुलन मिला है। जडेजा न केवल गेंदबाजी बल्कि बल्लेबाजी और फील्डिंग में भी टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
RR की गेंदबाजी चिंता का विषय
राजस्थान की बल्लेबाजी लाइनअप मजबूत नजर आती है जिसमें यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और शिमरोन हेटमायर शामिल हैं। हालांकि, गेंदबाजी विभाग टीम के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। जोफ्रा आर्चर की अगुआई में तेज गेंदबाजों को निरंतरता दिखानी होगी, जबकि स्पिन का जिम्मा जडेजा और रवि बिश्नोई संभालेंगे।
दोनों टीमों के लिए अहम शुरुआत
पिछले सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। चेन्नई सुपर किंग्स आखिरी स्थान पर रही थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स नौवें स्थान पर खत्म हुई थी। ऐसे में दोनों टीमें इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी और नए संयोजन को सफल बनाने की कोशिश करेंगी।
मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, भावनाओं का भी
संजू सैमसन का अपनी पुरानी टीम के खिलाफ उतरना और रवींद्र जडेजा का नई जर्सी में खेलना इस मुकाबले को खास बना देता है। यह मैच सिर्फ दो टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि बदलाव, नई शुरुआत और पुराने रिश्तों के आमने-सामने आने की कहानी भी है। अब देखना होगा कि मैदान पर कौन सी टीम बाजी मारती है।
राजस्थान रायल्स की टीम
रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरैल, डोनोवन फरेरा, लुआन ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायेर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, सैम कुर्रन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, मैट हेनरी, अकील हुसैन, नूर अहमद, जैमी ओवर्टन, मैथ्यू शार्ट, खलील अहमद, जाक फोकेस, अंशुल कंबोज, नाथन एलिस, सरफराज खान, राहुल चाहर, कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल, अमन खान, रामाकृष्णा घोष, प्रशांत वीर, श्रेयस गोपाल, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी।