साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को झटका, कैमरून ग्रीन डरबन टेस्ट से 'आउट'
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 अक्टूबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। कैमरून ग्रीन डरबन में होने वाले सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल सकेंगे। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इसकी पुष्टि की है।;
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 अक्टूबर से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। कैमरून ग्रीन डरबन में होने वाले सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल सकेंगे। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इसकी पुष्टि की है।
कैमरून ग्रीन को साउथ अफ्रीका के विरुद्ध वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले के दौरान शॉट खेलते हुए पेट की मांसपेशियों में खिंचाव आया था। वह ऑस्ट्रेलिया के दो दिवसीय वार्म-अप मैच में शामिल नहीं हो पाए थे और उन्हें सिर्फ हल्की-फुल्की फिजिकल कंडीशनिंग तक ही सीमित रखा गया था।
किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया के पहले पूरे ट्रेनिंग सेशन से पहले मैकडोनाल्ड ने कहा कि ग्रीन की रिकवरी अच्छी हो रही है, लेकिन वे डरबन टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। 'क्रिकइन्फो' के अनुसार, मैकडोनाल्ड ने कहा, "सब कुछ देखते हुए उनकी रिकवरी काफी अच्छी हो रही है। वे अभी भी यहां हैं, जिसका मतलब है कि उम्मीद की किरण बाकी है। अब बस रिहैब की प्रक्रिया से गुजरना है।"
उन्होंने आगे कहा, "अगला हफ्ता उनके लिए काफी व्यस्त रहने वाला है, क्योंकि वे कुछ गतिविधियां फिर से शुरू करेंगे। आप उन्हें नेट्स में और लंच ब्रेक के दौरान अभ्यास करते हुए देख सकते हैं। अभी कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता, लेकिन उम्मीद है कि वे सीरीज में किसी न किसी समय जरूर खेलेंगे।"
ग्रीन का बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा झटका है, खासकर इसलिए क्योंकि 27 वर्षीय यह खिलाड़ी बल्ले से शानदार फॉर्म में रहा है। उन्होंने डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया था और स्टीव स्मिथ के साथ सीरीज के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक बनकर उभरे थे।
कैमरून ग्रीन अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। पिछले सीजन की एशेज सीरीज के दौरान अलग-अलग क्रम पर खेलने के बाद, वे अब नंबर 5 की पोजिशन पर जम गए थे।
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 9 अक्टूबर को डरबन में पहला टेस्ट मैच शुरू होगा, जिसके बाद दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 18 अक्टूबर से गेबेरहा में होगी। तीसरा टेस्ट 27 अक्टूबर से जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।