आईपीएल 2026: सीएसके को राहत, एमआई के खिलाफ अहम मुकाबले में उतरेंगे स्पेंसर जॉनसन

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ अहम मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन अहम भूमिका निभाने को तैयार हैं;

Update: 2026-04-22 23:00 GMT

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ अहम मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन अहम भूमिका निभाने को तैयार हैं। यह मैच गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने संकेत दिया है कि खलील अहमद की चोट के कारण जॉनसन को टीम में शामिल किया जा सकता है।

जॉनसन को ऐसे समय में टीम में शामिल किया जा रहा है, जब चोटों के कारण चेन्नई सुपर किंग्स का यह सीजन काफी प्रभावित हुआ है। सीएसके के पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ, खलील को अपने ओवर पूरे किए बिना ही मैदान छोड़ना पड़ा था।

मैच से एक दिन पहले बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने कहा, "खलील अहमद और अंशुल कंबोज ने हमारे लिए अब तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। कल (गुरुवार) रात होने वाले मैच में स्पेंसर जॉनसन (खलील की जगह) हमारी स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा होंगे।"

स्पेंसर जॉनसन के अलावा, टीम के पूर्व कप्तान धोनी (44 वर्ष) ने भी हल्की-फुल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। चेन्नई सुपर किंग्स के शुरुआती 6 मुकाबलों में न खेलने के बाद, मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने आईपीएल 2026 का अपना पहला विकेटकीपिंग सेशन भी पूरा किया।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स 6 में से 4 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ लगातार 3 मैच गंवाने के बाद इस टीम ने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबले जीते। हालांकि, उन्हें अगले ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा।

मुंबई का प्रदर्शन भी अब तक अस्थिर रहा है। केकेआर के खिलाफ जीत के साथ अपने सीजन की शुरुआत करने के बाद, उन्हें दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, गुजरात टाइटंस के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज करके टीम एक बार फिर से पटरी पर लौट आई है।

Tags:    

Similar News