पीड़ितों की आंसू पोछने सपा करेगी 23 को सोनभद्र कूच

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल इस सिलसिले में सोमवार को मिर्जापुर पहुंचकर वहां पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे

Update: 2019-07-22 04:46 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) 23 जुलाई को ‘सोनभद्र कूच करो’ अभियान चलायेगी जिसके तहत अलग अलग जिलों में पार्टी कार्यकर्ता सोनभद्र में घोरावल के ग्रामसभा मूर्तिया के उम्भा गांव में पिछले बुधवार को जमीनी विवाद में हुई गोलीमारी में मारे गये मृतकों के परिजनों से मिलेंगे। 

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल इस सिलसिले में सोमवार को मिर्जापुर पहुंचकर वहां पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। रात्रि विश्राम मिर्जापुर में करने के बाद श्री पटेल 23 जुलाई सोनभद्र तक कूच करो कार्यक्रम में भाग लेंगे।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि सपा का एक प्रतिनिधि मण्डल को पीड़ित परिवारों के सहायतार्थ मिलने के लिए सोनभद्र भेजा गया था लेकिन भाजपा सरकार के अधिकारियों ने पदाधिकारियों को पीड़ितों से भेंट तक नहीं करने दिया। स्थानीय लोगों से प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों को कुछ जानकारी हुई हैं जिससे स्पष्ट होता है कि सोनभद्र का जिला प्रशासन दबंग लोगों के समक्ष नतमस्तक रहा और गरीब, बेसहारा, निरीह आदिवासी जुल्मों के शिकार होते रहे।

उन्होने मांग की कि मृतक परिवार के परिजनों को 20-20 लाख रूपये मुआवजा तथा घायलों को 5-5 लाख रूपये मुआवजा दिया जाए। गांव के प्रत्येक मृतक परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाय। जिस जमीन के लिए खूनी नरसंहार हुआ उस जमीन को आदिवासियों को आवंटित कर राजस्व अभिलेख में उनका नाम स्थायी रूप से दर्ज किया जाए। सोनभद्र के उम्भा गांव के नरसंहार की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी व्यक्तियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। 

Full View

Tags:    

Similar News