मुरादाबाद में शोरूम के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बदमाशों ने दिल्ली रोड स्थित एक शोरूम में तैनात गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी।
मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बदमाशों ने दिल्ली रोड स्थित एक शोरूम में तैनात गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बुधवार को यहां बताया कि दिल्ली रोड स्थित आकांक्षा मारुति कार शोरूम के गार्ड शाकिर अली की बुधवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। शोरूम के मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले में मृतक के बेटे शाहरुख की तहरीर पर अज्ञात के नाम मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। प्राथमिक जांच में रंजिशन हत्या की बात कही जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। घटना के समय शोरूम में शाकिर (45)के अलावा दो अन्य गार्ड उमेश और संजय भी ड्यूटी पर मौजूद थे। शोरूम से कुछ ही दूरी पर मझोला थाना मौजूद है। शोरूम पर गार्ड की हत्या तड़के करीब तीन बजे हुई है।पुलिस ने बताया कि शाकिर को सोते समय गोली मारी गई है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो संदिग्धो काे हिरासत में लिया गया। पुलिस मामले की पूछताछ कर रही है।
मारुति शोरूम के स्वामी अमित गोयल ने बताया कि मृतक गनमैन शाकिर 2008 से उनके यहां नौकरी कर रहा था। जिस समय यह घटना हुई, उस समय शोरूम में मृतक के अलावा दो अन्य गार्ड भी डयूटी दे रहे थे। लेकिन, वो घटना को लेकर खामोश है। शोरूम से कुछ ही दूरी पर मझोला थाना मौजूद है। गोली मारे जाने के बाद सबसे पहले गार्ड ने ही अपने घर पर फोन द्वारा खुद को गोली मारे जाने की जानकारी दी थी। घटना की सूचना मिलने पर गनमैन का बेटा शाहरुख और पत्नी सबसे पहले मौके पर पहुंचे इसके बाद उसके अन्य परिवार वाले भी आ गए घायल गनमैन को साईं अस्पताल ले जाया गया।जहां चिकित्सकों ने शाकिर को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारी पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुची। शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ( शहर) अमित आनंद ने बताया कि घटना के तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।