एसडीओ और जेई 25 हज़ार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने पंजाब बिजली निगम के जालंधर जिला उपमंडल अपरा में तैनात एसडीओ रणधीर सिंह और कनिष्ठ अभियंता जगतार सिंह को 25 हज़ार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है
By : एजेंसी
Update: 2019-06-04 01:34 GMT
चंडीगढ़। पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने पंजाब बिजली निगम के जालंधर जिला उपमंडल अपरा में तैनात एसडीओ रणधीर सिंह और कनिष्ठ अभियंता जगतार सिंह को 25 हज़ार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि आरोपी रणधीर सिंह और जगतार सिंह को जालंधर जिले के फिल्लौर निवासी हरजिन्दर सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी गई अपनी शिकायत में कहा था कि उसकी कम्बाईन बिजली के ट्रांसफार्मर वाले खम्बे के साथ टकरा गई थी। इस घटना के बाद ट्रांसफार्मर को फिर से चालू करने के बदले आरोपी 25000 रुपए की रिश्वत की माँग कर रहे थे।
ब्यूरो ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहज जालंधर थाने में मामला दर्ज किया है।