देशभर में एक दिन में रिकॉर्ड 95,880 कोरोना मरीज हुए स्वस्थ

देश में पहली बार एक दिन कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाले व्यक्तियों की संख्या संक्रमण के नये मामलों को पार कर गयी है।

Update: 2020-09-19 15:52 GMT

नयी दिल्ली । देश में पहली बार एक दिन कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाले व्यक्तियों की संख्या संक्रमण के नये मामलों को पार कर गयी है। देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड संख्या में 95,880 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं जबकि इस दौरान संक्रमण के 93,337 नये मामलों की ही पुष्टि हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज कहा कि दुनिया भर में कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाले व्यक्तियों में 19 प्रतिशत भारतीय हैं। कोरोना रिकवरी दर के मामले में अमेरिका को पीछे करके भारत शीर्ष पर आ गया है। भारत की राष्ट्रीय औसत कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 79 प्रतिशत के पार 79.28 प्रतिशत हो गयी है।

वैश्विक स्तर पर भारत की कोरोना रिकवरी दर 18.81 प्रतिशत है जबकि अमेरिका की 18.77 प्रतिशत, ब्राजील की 16.96 प्रतिशत, रूस की 4.03 प्रतिशत कोलंबिया की 2.78 प्रतिशत, पेरू की 2.69 प्रतिशत, दक्षिण अफ्रीका की 2.63 प्रतिशत, मेक्सिको की 2.20 प्रतिशत, अर्जेंटीना की 2.09 प्रतिशत तथा चिली की 1.86 प्रतिशत है।

मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देशभर में 93,337 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इस तरह अब तक कोरोना संक्रमण को मात देने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 42 लाख के पार 42,08,431 हो गयी है।

केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार, चार अप्रैल को राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर मात्र 6.93 प्रतिशत थी, जो तेजी से बढ़ती हुई दो मई को 26.65 प्रतिशत, 30 मई को 47.40 प्रतिशत, 11 जुलाई को 62.78 प्रतिशत और 19 सितंबर को 79.28 प्रतिशत हो गयी।

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाले कुल व्यक्तियों में 90 प्रतिशत व्यक्ति देश के 16 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के हैं। कोरोना संक्रमण मुक्त होने वाले व्यक्तियों में 23 प्रतिशत व्यक्ति महाराष्ट्र के, 12.3 प्रतिशत आंध्रप्रदेश के, 11.4 प्रतिशत कर्नाटक के, 5.8 प्रतिशत तमिलनाडु के , 4.3 प्रतिशत ओडिशा के और 3.7 प्रतिशत दिल्ली के हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 18 सितंबर को कोरोना संक्रमणमुक्त हुए व्यक्तियों में महाराष्ट्र के 22,078, आंध्र प्रदेश के 11,803, कर्नाटक के 10,949, उत्तर प्रदेश के 6,806, तमिलनाडु के 5,525, ओडिशा के 4,180, केरल के 4,167, दिल्ली के 4,127, पश्चिम बंगाल के 3,192, पंजाब के 2,801, मध्य प्रदेश के 2,552, असम के 2,509, हरियाणा के 2,488, और तेलंगाना के 2,123 व्यक्ति शामिल हैं।

Full View

Tags:    

Similar News