पुलिस नक्सलियों के बीच सांठगांठ,झीरम हमले से पहले सरकार ने नक्सलियों को दिए करोड़ों: भूपेश

रायपुर ! प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि झीरम घाटी में कांग्रेस के काफिले पर हमला करने के पूर्व सरकार ने नक्सलियों को करोड़ों रूपए दिए थे।

Update: 2017-04-18 00:15 GMT

 पुलिस नक्सलियों के बीच सांठगांठ की जांच सीबीआई से कराई जाए
पुलिस मुखबिर रहे अभय सिंह की जान को खतरा

रायपुर ! प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि झीरम घाटी में कांग्रेस के काफिले पर हमला करने के पूर्व सरकार ने नक्सलियों को करोड़ों रूपए दिए थे। उन्होंने कहा सरकार व नक्सलियों के बीच सांठगांठ है। मदनवाड़ा की तरह झीरम हमले की सीडी बनाई गई होगी। अंबिकापुर जेल में बंद पुलिस मुखबिर रहे अभय सिंह पर आला अधिकारी दबाव डाल रहे है कि सीडी उपलब्ध कराई जाए। इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने मांग की है।
सोमवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री बघेल ने कहा इस पूरे मामले की जानकारी रखने वाले अभयसिंह को फर्जी मामले में फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय सिंह को पुलिस मार डालना चाहती है, इसलिए उसके खिलाफ दर्जन भर से अधिक फर्जी मामले दर्ज करके जेल में रखा गया है। अंबिकापुर जेल में दो दिन पूर्व उन्होंने इस आरोपी से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि झीरम हमले के पहले सरकार की ओर से नक्सलियों को करोड़ों रूपए उपलब्ध कराए गए थे। भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा जेल अधिकारियों की अनुमति से उन्होंने मुलाकात की थी वर्ष 2002 से वह पुलिस के लिए काम करता रहा है। नक्सल विरोधी आपरेशन के चलते उसे सरकार ने नेपाल, चीन और बांग्लादेश बार्डर तक भेजा था। हवाई टिकट भी उपलब्ध कराई गई थी। उच्च स्तर के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने कहा गया था। बाद में ऐसा क्या हुआ कि पुलिस ने उसके खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज कर लिए। अभयसिंह ने मुलाकात के दौरान बताया कि उसे जेल में इंजेक्शन लगाया जा रहा है उसे जान से मारने की कोशिश हो रही है।
श्री बघेल ने कहा हाईकोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने अभयसिंह ने घंओ पूछताछ की है लेकिन उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा अभय के पास जो जानकारी है उसके सार्वजनिक होने से पुलिस बेनकाब हो जाएगी। इसलिए उसे झूठे मामलों में फंसाने कोशिश की गई। श्री बघेल ने कहा 18 अप्रैल 2013 को बिलासपुर में पत्रकारवार्ता में अभय ने आरोप लगाया था कि पुलिस और नक्सलियों के बीच सांठगांठ है बाद में मई में झीरम कांड हुआ। उन्होंने कहा मदनवाड़ा में हुए नक्सली हमले में तत्कालीन एसपी व्ही के चौबे शहीद हुए थे इस मामले की सीडी बाद में जारी हुई थी उसी तरह झीरम घाटी कांड की सीडी बनाई गई होगी। पुलिस के कई अधिकारी उस पर दबाव डाल रहे है कि सीडी उपलब्ध कराई जाए। इसमें लगता है कि सीडी बनाई गई होगी। सुकमा के तत्कालीन कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन को छुड़ाने के लिए भी पैसे दिए गए थे। श्री बघेल ने कहा अभयसिंह से पुलिस के आला अधिकारी मिलने गए थे अगर वह साधारण अपराधी है तो क्यों पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मिलने पहुंच रहे हैं। लगातार क्यों झीरम कांड की सीडी मांग रहे हैं। कौन अधिकारी है जो उसकी जान लेना चाहता है। उन्होंने कहा अभयसिंह ने जो बयान दिए है उसे सार्वजनिक किया जाए अभयसिंह को पूरी सुरक्षा देने व उसके खिलाफ दर्ज फर्जी केस वापस लेने मांग की है।

Tags:    

Similar News