इंदौर पहुंचे राहुल गांधी, महाकालेश्वर मंदिर में करेंगे पूजा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर आज मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंच गए
इंदौर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर आज मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंच गए।
अपने इस दौरे के दौरान वे इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, धार, खरगोन, महू में आमसभा करने के साथ ही इंदौर में रोड-शो करेंगे।
राहुल गांधी का विशेष विमान से इंदौर पहुंच कर हेलीकॉप्टर से उज्जैन जाने का कार्यक्रम है। राहुल गांधी उज्जैन पहुंचकर वहां भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा करेंगे। इसके बाद वे एक आमसभा को संबोधित करेंगे।
दोपहर में वे उज्जैन से रवाना होकर झाबुआ पहुंचेंगे, जहां वे कॉलेज ग्राउंड में आमसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी इंदौर वापस आकर वहां शाम काे रोड-शो करेंगे। रोड-शो के बाद राहुल गांधी राजवाड़ा चौक पर एक सभा को संबोधित करेंगे।
कल सुबह राहुल गांधी संपादकों और पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा करेंगे। दोपहर में वे व्यापारी समुदाय एवं व्यवसायियों से चर्चा करेंगे। कल ही वे धार और खरगोन में आमसभाओं को संबोधित करेंगे। कल शाम वे महू पहुंचकर अम्बेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और महू में ही नया दशहरा मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे।
सभी कार्यक्रमों के बाद कल शाम वे इंदौर से विशेष विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।