नर्सों का डॉक्टरों के खिलाफ मोर्चाबंदी की तैयारी
नई दिल्ली ! नर्स राजदीप कौर की प्रसव के दौरान हुई मौत के मामले में नर्स यूनियन व रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच एम्स प्रशासन बुरी तरह फंसता जा रहा है।;
नई दिल्ली ! नर्स राजदीप कौर की प्रसव के दौरान हुई मौत के मामले में नर्स यूनियन व रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच एम्स प्रशासन बुरी तरह फंसता जा रहा है। एम्स की नर्सें जहां रेजिडेंट डॉक्टरों के निलंबन की मांग करते हुए मोर्चा खोले बैठी हैं, तो वहीं रेजिडेट डॉक्टर निलंबन होने पर विरोध की धमकी दे रहे हैं। रेजिडेंट डॉक्टरेां की ओर से इस आग में थोड़ा पानी डालने कोशिश जरूर की गई, लेकिन नर्स यूनियन टिका हुआ है कि जब तक नर्स राजदीप कौर को इंसाफ नहीं मिलता, समझौता नहीं होगा। नर्स यूनियन के अध्यक्ष हरीश काजला ने बताया कि एम्स प्रशासन व मंत्रालय को बातचीत की मांग की गई है, लेकिन अगर शुक्रवार तक मंत्रालय या प्रशासन बातचीत की पहल नहीं करेगा, तो उन्हें नर्स यूनियन के विरोध के लिए भी तैयार रहना चाहिए। वहीं दूसरी ओर, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने नर्स यूनियन को पत्र लिखते हुए जांच खत्म होने तक शांत रहने की मांग की है। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष विजय गुर्जर ने बताया कि नर्स यूनियन के साथ प्रशासन की ओर भी दो बार बातचीत कराई गई थी, लेकिन उसका कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। अब एसोसिएशन ने खुद ही नर्स यूनियन को पत्र लिखते हुए सारा दोष एम्स प्रशासन के मत्थे मढ़ दिया है। पत्र में सवाल पूछते में हुए कहा गया कि ऑपरेशन थिएटर में कोई वरिष्ठ रेजिडेंट की नियुक्ति नहीं हुई, तो वहीं नर्स की मौत के दिन ही कोई जांच समिति बनाए बिना रेजिडेंट डॉक्टरों को निलंबित करना जायज नहीं था। आरडीए अध्यक्ष विजय ने पत्र में मांग रखी कि जो समिति मामले की जांच कर रही है, उसकी रिपोर्ट आने तक रेजिडेंट डॉक्टरों व नर्सो को शांत रहना चाहिए। आरडीए सूत्रों की मानें तो नर्स यूनियन को लिखे गए पत्र के बाद रेजिडेंट डॉक्टर प्रशासन के खिलाफ मोर्चाबंदी की तैयारी कर रहे हैं, जिसके अनुसार, नर्सों को अपने पाले में करके प्रशासन पर अधिक दबाव बनाया जा सकेगा। हालांकि नर्स यूनियन के अध्यक्ष हरीश काजला ने आधिकारिक तौर पर ऐसे किसी पत्र के प्राप्त होने से इंकार करते हुए कहा कि जब पत्र मिलेगा तब सोचा जाएगा, लेकिन उससे पहले शुक्रवार तक प्रशासन से जवाब की उम्मीद की जाएगी। बता दें कि 17 जनवरी को एम्स में प्रसव के दौरान एक नर्स की बच्चे सहित मौत हो गई थी, जिसके बाद से रेजिडेंट डॉक्टरों व नर्सो में विवाद चल रहा है।
---