कुख्यात अपराधी आजाद सिंह गिरफ्तार
बिहार में सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने कुख्यात अपराधी आजाद सिंह को गिरफ्तार किया है।
By : एजेंसी
Update: 2020-04-21 16:47 GMT
छपरा। बिहार में सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने कुख्यात अपराधी आजाद सिंह को गिरफ्तार किया है।
सारण के पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय ने आज यहां बताया कि सूचना के आधार पर रिविलगंज थाना क्षेत्र स्थित एक ठिकाने पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसका पुलिसकर्मियों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
श्री राय ने बताया कि जवाबी कार्रवाई से घबरा कर अपराधी भागने लगे जिसके बाद पुलिस ने खदेड़ कर एक अपराधी को पकड़ लिया। वहीं, एक अन्य अपराधी फरार होने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान आजाद सिंह के रूप में की गयी है। आजाद के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में छह से अधिक मामले दर्ज हैं। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।