आजमगढ़: शादी के मंडप में प्रेमिका का हाई-वोल्टेज ड्रामा, दूल्हे को मंगेतर बताकर रुकवाई शादी

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शुक्रवार को शादी समारोह में जमकर हंगामा और बवाल हुआ। जयमाला के दौरान एक युवती पुलिस के साथ पहुंचकर दूल्हे को अपना मंगेतर बताने का दावा करने लगी। युवती के अचानक पहुंचने से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मामला बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती का बताया जा रहा है।;

Update: 2026-05-23 12:15 GMT

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शुक्रवार को शादी समारोह में जमकर हंगामा और बवाल हुआ। जयमाला के दौरान एक युवती पुलिस के साथ पहुंचकर दूल्हे को अपना मंगेतर बताने का दावा करने लगी। युवती के अचानक पहुंचने से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मामला बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी गुद्दुर की बेटी की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार शाम बारात पूरे धूमधाम के साथ पहुंची थी और द्वारपूजा समेत वैवाहिक कार्यक्रम चल रहे थे। इसी दौरान थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और दूल्हे बृजेश के साथ अपने प्रेम संबंध होने का दावा करने लगी। युवती का कहना था कि उसकी शादी दूल्हे से पहले ही तय हो चुकी है। युवती के आरोपों के बाद माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ बारातियों ने युवती और डायल 112 पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस किसी तरह युवती को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गई और घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि सिंदूरदान की रस्म के बाद दूल्हा-दुल्हन वहां से चले गए। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

आरोप यह भी है कि तीन दिन पहले वही युवती घर पहुंचकर शादी रुकवाने की धमकी दे चुकी थी, जिसकी जानकारी लड़के पक्ष को दी गई थी, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया था कि कोई विवाद नहीं होगा। परिवार का कहना है कि दूल्हा विदेश में रहता था और छुट्टी लेकर घर आया था। शादी की तारीख 22 मई 2026 पहले से तय थी।

लड़की पक्ष ने बताया कि खाने-पीने, सजावट और अन्य तैयारियों में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के सदमे से परिवार की एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, थाना बिलरियागंज और थाना रौनापार क्षेत्र से जुड़े इस मामले में प्रेम प्रसंग के बावजूद दूसरी जगह विवाह करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।

क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Tags:    

Similar News