दलदल में फंसने से पांच की मौत,मरने वालों में तीन बच्चे शामिल

नई दिल्ली ! दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के छावला इलाके में कूड़ा बीन रहे पांच लोगों की नाले में गिरने मौत होने का मामला सामने आया है।

Update: 2017-04-30 05:39 GMT

 दिल्ली के छावला इलाके की घटना

नई दिल्ली !   दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के छावला इलाके में कूड़ा बीन रहे पांच लोगों की नाले में गिरने मौत होने का मामला सामने आया है। अस्पताल में कुछ घंटों के ईलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका, जिसके बाद डॉक्टरों ने पांचों लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान साहिदुल (10), सफिकुल (9), लालचंद (7), हसिबुल (30) और अफसर अली (25) के रूप में की गई है, तो वहीं पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छावला इलाके में एमसीडी के नाले में पांच लोगों के डूबने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय पुलिस की टीम ने पहुंचकर राहत कार्य किया और पांचों लोगेां को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस उनको राव तुलाराम अस्पताल लेकर गई, जहां ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सुबह तीन बच्चे नाले के पास कूड़ा बीन रहे थे, जिस दौरान दो बच्चे नाले में गिर गए। शुरुआत में तीसरे बच्चे ने अपने साथियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन जब वह असफल रहा, तो घर जाकर अपने रिश्तेदार हसिबुल और अफसर को बचाव कार्य के लिए बुला लाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीसरे बच्चे के साथ दोनों रिश्तेदार डूब रहे बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे, लेकिन नाला दलदल बन जाने के कारण बचाव कार्य करने आए युवक भी बच्चों के साथ डूबने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस राहत दल के साथ मौके पर पहुंची।
शुरुआत में बहुत देर तक खोजबीन के बावजूद दमकल की टीम बच्चों की तलाश नहीं कर पाई, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी के नाले का ढक्कन खोल टीम नाले के भीतर घुसी और पांचों लोगों को बाहर निकाला।
    जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पांचों लोगों को नाले से बाहर निकाल कर तुरंत रावतुला राम स्मारक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ईलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों को पूछताछ में पता चला कि नाले में बच्चों को कुछ बियर की बोतलें व प्लास्टिक नजर आया था, जिसके बाद सभी बच्चे बोतलों व प्लास्टिक को निकालने के लिए नाले में उतर गए। इस दौरान साफिकुल व लालचंद नाले के अंदर चले गए, लेकिन सहिदुल किनारे ही रूका रहा। जब बहुत समय बाद भी दोनों बाहर नहीं निकले, तो सहिदुल मदद के लिए रिश्तेदारों को बुला कर लाया, बाद में वह भी दलदल में फंसकर डूब गए। फिलहाल, स्थानीय पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

Tags:    

Similar News