झारखंड में नक्सलियों ने 2 सुरक्षाकर्मियों की हत्या की   

झारखंड की राजधानी रांची के बाहरी हिस्से में आज सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए।

Update: 2019-10-04 18:08 GMT

रांची । झारखंड की राजधानी रांची के बाहरी हिस्से में आज सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। पुलिस के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर शुक्रवार को रांची के बाहरी इलाके के डाकापीडी जंगल में स्टेट जगुआर फोर्स के जवानों को भेजा गया था।

जैसे ही सुरक्षाकर्मी इलाके में पहुंचे, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद एक घंटे से ज्यादा समय तक चली मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी अखिलेश राम और खंजन कुमार महतो शहीद हो गए।

घटना की निंदा करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा, "झारखंड में नक्सली अपनी अंतिम सांसें गिन रहे हैं। हम अपने शहीद बलों को सलाम करते हैं। उनका सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।"

राज्य के वर्ष 2000 में अस्तित्व में आने के बाद से नक्सलियों के हमले में 700 से अधिक सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं।


Full View

Tags:    

Similar News