राष्ट्रपति ने 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से किया सम्मानित, रोहित शर्मा, आर माधवन, अलका याग्निक और ममूटी तक शामिल

राष्ट्रपति ने इस समारोह में कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी गई।;

Update: 2026-06-24 06:28 GMT

नई दिल्ली : Padma Awards 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित भव्य समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 65 हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस अवसर पर खेल, सिनेमा, साहित्य, विज्ञान, समाज सेवा और शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्मश्री प्रदान किए गए

राष्ट्रपति ने इस समारोह में कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी गई।

पूर्व जस्टिस केटी थामस और पत्रकार पी. नारायणन को पद्म विभूषण

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थामस को जनसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। वहीं, मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया।

अलका याग्निक, ममूटी और विजय अमृतराज को मिला पद्म भूषण

पार्श्व गायिका अलका याग्निक, मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी, टेनिस स्टार विजय अमृतराज, अमेरिकी कैंसर विशेषज्ञ दत्तात्रेयूडु नोरी, उद्योगपति एसकेएम मैइलानंदन तथा समाजसेवी और शिक्षाविद वेल्लापल्ली नटेसन को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया। उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने यह सम्मान ग्रहण किया। व्हीलचेयर पर पहुंचीं रूपी सोरेन को सम्मान देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्वयं मंच से नीचे उतरीं और उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।

रोहित शर्मा और सविता पूनिया को मिला पद्मश्री

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 का टी-20 विश्व कप जीता था। भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी खिलाड़ी सविता पूनिया को भी पद्मश्री प्रदान किया गया। इसके अलावा, भारतीय पहलवानों के कई ओलंपिक पदक विजेताओं के कोच रहे जॉर्जियाई प्रशिक्षक व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्मश्री दिया गया। उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त किया।

आर माधवन और वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुनु भी सम्मानित

अभिनेता आर माधवन को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) के एयरोस्पेस वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुनु को भी पद्मश्री मिला। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश मिसाइल प्रणाली की तैनाती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दलित साहित्यकार अशोक कुमार हलधर को भी साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

सतीश शाह को मरणोपरांत मिला पद्मश्री

प्रसिद्ध अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। उनकी ओर से उनके भाई ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। वहीं, प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी और वर्तमान में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे कलाकारों ने बटोरीं तालियां

नगालैंड के 83 वर्षीय लोक कलाकार गुरु सांग्युसांग पोंगेनर पारंपरिक पोशाक में समारोह में पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के लिए काम करने वाली समाजसेवी बुधरी ताती भी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सम्मान ग्रहण करने पहुंचीं। उनका क्षेत्र कभी नक्सल प्रभावित माना जाता था, लेकिन उन्होंने वहां शिक्षा और महिलाओं के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।

मोदी ने पुरस्कार विजेताओं को बताया प्रेरणा का स्रोत

समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलयालम अभिनेता ममूटी और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सभी पुरस्कार विजेता समाज के प्रति समर्पण और सेवा की भावना के प्रतीक हैं। उनकी जीवन यात्राएं लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और यह दिखाती हैं कि मेहनत और समर्पण के बल पर असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। यह समारोह देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान और उनकी उपलब्धियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बनकर सामने आया।

Tags:    

Similar News