'कॉकरोच जनता पार्टी' पर शिकंजा, अभिजीत दीपके का दावा- इंस्टाग्राम पेज हैक, ट्विटर अकाउंट भी रोका गया

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम पेज हैक कर लिया गया है। इसके अलावा उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्रभावित हुआ है।;

Update: 2026-05-23 05:54 GMT

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर नया विवाद सामने आया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनके डिजिटल कैंपेन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और उनके कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को निशाना बनाया गया है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम पेज हैक कर लिया गया है। इसके अलावा उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका ट्विटर (एक्स) अकाउंट रोका गया और बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया। इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ चर्चा का केंद्र बन गई है।

एक हफ्ते में डिजिटल सनसनी बनी CJP

बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र और आम आदमी पार्टी के पूर्व सहयोगी रहे अभिजीत दीपके ने करीब एक सप्ताह पहले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से यह डिजिटल अभियान शुरू किया था। शुरुआत में इसे इंटरनेट व्यंग्य और युवा असंतोष की अभिव्यक्ति माना गया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह सोशल मीडिया पर बड़ा ट्रेंड बन गया। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या 2 करोड़ से अधिक पहुंचने का दावा किया गया। CJP की लोकप्रियता केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। कई नेताओं और राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे युवाओं की नाराजगी और डिजिटल राजनीति के नए रूप के तौर पर देखा।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?

शनिवार सुबह अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके प्लेटफॉर्म्स पर “शिकंजा” कसा जा रहा है। उन्होंने क्रमवार बताया कि:

-‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया

- उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्रभावित हुआ

- ट्विटर अकाउंट रोक दिया गया

- बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया

इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट कर समर्थकों को आगाह किया कि फिलहाल उनकी टीम की किसी भी प्लेटफॉर्म तक पहुंच नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दौरान किसी भी अकाउंट से की गई पोस्ट को आधिकारिक बयान न माना जाए।

शिक्षा मंत्री के खिलाफ अभियान से बढ़ी चर्चा

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, CJP ने हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन अभियान भी शुरू किया था। यह अभियान ‘Cockroach is Back’ नाम के नए एक्स हैंडल और इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म के जरिए चलाया जा रहा था। इसमें शिक्षा व्यवस्था में कथित “सिस्टम फेलियर” और युवाओं की समस्याओं को मुद्दा बनाया गया। यही वजह है कि इस डिजिटल संगठन की गतिविधियों ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया।

परिवार की चिंता भी बढ़ी

अभिजीत दीपके की बढ़ती लोकप्रियता और विवादों के बीच उनका परिवार भी चिंता में है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके माता-पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें डर है कि उनके बेटे को गिरफ्तार भी किया जा सकता है। अभिजीत के पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने कहा कि वे शुरू से नहीं चाहते थे कि उनका बेटा राजनीति या विवादों में पड़े। अनीता दीपके ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह लगातार तनाव में हैं और चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे।

Tags:    

Similar News