बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान ने मेडिकल इमरजेंसी के चलते लखनऊ में की लैंडिंग,एयरपोर्ट टीम की मुस्तैदी से बची जान

बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान को मेडिकल इमरजेंसी के चलते शनिवार देर रात लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया और वहां विमान की लैंडिंग हुई। यह जानकारी सूत्रों की ओर से दी गई।;

Update: 2026-09-20 10:45 GMT

नई दिल्ली। बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान को मेडिकल इमरजेंसी के चलते शनिवार देर रात लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया और वहां विमान की लैंडिंग हुई। यह जानकारी सूत्रों की ओर से दी गई।

एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बैंकॉक से दिल्ली की उड़ान के दौरान एक यात्री की स्वास्थ्य स्थिति अचानक गंभीर हो गई थी, जिसे देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान 6ई1054, बैंकॉक से दिल्ली जा रही थी, जिसे एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया। यात्री को सीने में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी।

उड़ान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर रात 10:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। यात्री की सहायता के लिए एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तत्काल तैनात किया गया। मेडिकल टीम ने विमान में पहुंचकर यात्री की जांच की और यात्री की स्थिति स्थिर पाई गई।

यात्री को विमान से उतारकर आवश्यक इमिग्रेशन एवं अन्य औपचारिकताओं के लिए टर्मिनल-3 ले जाया गया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान ने रात 12:05 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

इससे पहले 10 सितंबर को लखनऊ से सऊदी अरब के दम्मम जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी की।

इंडिगो की फ्लाइट 6ई097 शाम करीब 5:45 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर उतरी। यह फैसला तब लिया गया जब क्रू मेंबर को प्लेन में एक कागज का टुकड़ा मिला जिस पर 'बम' लिखा था।

एयरपोर्ट अधिकारियों के पास मौजूद जानकारी के अनुसार, प्लेन में यात्रियों और क्रू समेत कुल 133 लोग सवार थे। हालांकि, जांच में प्लेन में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली थी।


Tags:    

Similar News