सिंगापुर: भारत के रक्षा सचिव ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा पर फोकस
शांगरी-ला डायलॉग में शामिल होने के लिए सिंगापुर गए भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने रविवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। अमेरिकी सदन की सशस्त्र सेवा समिति के सदस्य पैट हैरिगन के नेतृत्व में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने पर फोकस किया गया।;
सिंगापुर। शांगरी-ला डायलॉग में शामिल होने के लिए सिंगापुर गए भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने रविवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। अमेरिकी सदन की सशस्त्र सेवा समिति के सदस्य पैट हैरिगन के नेतृत्व में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने पर फोकस किया गया।
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। बताया कि द्विदलीय अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल (सीओडीईएल) के साथ बातचीत में भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी की मजबूती को फिर से रेखांकित किया गया। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा सहयोग के विस्तार और इंडो-पैसिफिक में साझा रणनीतिक हितों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
इससे पहले राजेश कुमार सिंह ने शांगरी-ला डायलॉग 2026 के दौरान न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्री क्रिस पेनक और सिंगापुर के रक्षा मंत्री चान चुन सिंग के साथ सार्थक बातचीत की।
इन बैठकों में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने, समुद्री सहयोग को बढ़ाने, सूचना साझा करने की व्यवस्था को बेहतर बनाने और एक सुरक्षित, स्थिर तथा समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए साझा प्रतिबद्धता को दोहराने पर जोर दिया गया।
तीन दिवसीय समिट में हिस्सा लेने पहुंचे रक्षा सचिव शुक्रवार से रविवार तक कई महत्वपूर्ण बैठकों का हिस्सा बन चुके हैं।
डायलॉग के दौरान राजेश कुमार सिंह ने कई प्रमुख थिंक टैंक और अकादमिक विशेषज्ञों से भी बातचीत की है। चर्चा का फोकस इंडो-पैसिफिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने, रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने और नई तकनीकों में साझेदारी पर रहा।
सिंगापुर में आयोजित हो रहे शांगरी-ला डायलॉग में कई देशों के रक्षा मंत्री, सैन्य प्रमुख, और नीति निर्माता शामिल हुए हैं। यहां बड़े स्तर पर चर्चा सत्रों के साथ-साथ अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों के बीच द्विपक्षीय बैठकें भी हो रही हैं। इस मंच पर एशिया-प्रशांत, उत्तरी अमेरिका, यूरोप, मिडिल ईस्ट और अन्य क्षेत्रों के नीति-निर्माता क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर चर्चा करते हैं।
शांगरी-ला डायलॉग एशिया का प्रमुख रक्षा एवं सुरक्षा शिखर सम्मेलन है, जिसे इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (आईआईएसएस), सिंगापुर में आयोजित करता है। इसे 'एशिया सुरक्षा शिखर सम्मेलन' भी कहा जाता है।