सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरव दास पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक्टिविस्ट सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.;
आशुतोष रांका और सौरव दास पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक्टिविस्ट सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मंगलवार, 13 अक्टूबर को वे पुलिस को चकमा देते हुए जंतर-मंतर के पास वाली सड़क पर पहुंच गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था. इससे पहले एक सरकारी आदेश में जंतर-मंतर का प्रदर्शन स्थल का दर्जा खत्म कर दिया गया था.
न्यूज एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि सीजेपी कार्यकर्ता एक निजी परिसर में अवैध तरीके से घुसकर जंतर-मंतर तक पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक, कोर्ट ने इस आशंका को ध्यान में रखा कि अगर सौरव और आशुतोष को जमानत पर रिहा किया जाता है तो वे फिर से कानून का उल्लंघन कर सकते हैं और दूसरों को भी उकसा सकते हैं.
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर “कायरतापूर्ण रणनीति” अपनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने एक सोशल पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा, “अगर आप असहमति को कुचलने के लिए इतने ही प्रतिबद्ध हैं, तो इमरजेंसी की आधिकारिक घोषणा करने की हिम्मत दिखाएं.”
मीडिया से बात करते हुए अभिजीत दीपके ने यह भी कहा कि सीजेपी एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप है और यह हमेशा उसी रूप में रहेगा. उन्होंने आगे कहा कि इसका यह मतलब नहीं है कि वे इंडिया गठबंधन के खिलाफ हैं. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और उनका आंदोलन एक ही उद्देश्य के लिए है. सीजेपी और इंडिया गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.