समर कैम्प में तीन हजार से अधिक बच्चे कर रहे हैं शिरकत
बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही प्रतिभा चयन के उद्देश्य से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित टीटीनगर स्टेडियम में आयोजित विशेष समर कैम्प में तीन हजार से अधिक बच्चे शिरकत कर रहे हैं
भोपाल। बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही प्रतिभा चयन के उद्देश्य से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित टीटीनगर स्टेडियम में आयोजित विशेष समर कैम्प में तीन हजार से अधिक बच्चे शिरकत कर रहे हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक उपेंद्र जैन ने आज यहां बताया कि कल से शुरू हुए इस कैम्प में सुबह और शाम दो पारियों में बच्चों को लगभग पंद्रह खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
स्थानीय टीटीनगर स्टेडियम में आयोजित समर कैम्प में अभी तक साढ़े तीन हजार बच्चों को प्रवेश दिया जा चुका है। यह कैम्प दो माह तक चलेगा और आठ से लेकर अठारह वर्ष तक के बच्चे इसमें शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कराते, फुटबॉल, मलखम्ब, बॉक्सिंग, स्केटिंग, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, एरोबिक्स, स्नूकर, टेनिस, चेस बॉक्सिंग और जिमनास्टिक्स आदि खेलों का प्रशिक्षण बच्चों को समर कैंप के दौरान दिया जाएगा।
इस दौरान प्रतिभाशाली बच्चों पर भी प्रशिक्षको की नजर रहेगी और बेहतर प्रदर्शन करने वालों बच्चों को और आगे बढ़ाने के लिए विभाग प्रयास करेगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधराराजे सिंधिया की पहल पर राज्य में अनेक खेल अकादमियां भी शुरू की गयी हैं।
अकादमियों के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया भी इन दिनों यहां चल रही है। चयन के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमताओं को परखने के लिए विदेश से आयातित अत्याधुनिक मशीन का उपयोग भी यहां टीटीनगर स्टेडियम में किया जा रहा है।
चयनित खिलाड़ियों को अकादमी में श्रेष्ठ प्रशिक्षकों की मौजूदगी में अत्याधुनिक संसाधन मुहैया कराके प्रशिक्षण दिया जाता है और यहां से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करके पदक भी हासिल कर रहे हैं। ये अकादमियां भोपाल के अलावा राज्य के विभिन्न शहरों में स्थित हैं।