विष' से टेलीविजन में डेब्यू करेंगे मनुज नागपाल
मार्शल आर्ट शिक्षक और पोर्टफोलियो फोटोग्राफर मनुज नागपाल 'विष' से टेलीविजन में डेब्यू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "'विष' मेरा टीवी डेब्यू है और मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं।
मुंबई । मार्शल आर्ट शिक्षक और पोर्टफोलियो फोटोग्राफर मनुज नागपाल 'विष' से टेलीविजन में डेब्यू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "'विष' मेरा टीवी डेब्यू है और मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं। मेरा किरदार एक नकारात्मक व्यक्ति का है। मेरे किरदार का नाम दैत्य राज है। उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं, लेकिन वह अपनी शादी की रात सबरीना (अभिनेत्री देबिना बनर्जी) से धोखा खा जाता है, इसलिए अब वह अन्य महिलाओं का अपहरण करके अपना बदला लेता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं पूरी तरह से एक फिल्मी इंसान हूं और मैं हमेशा से अभिनेता बनना चाहता था। मैं बॉलीवुड से प्यार करता हूं, इसलिए मैं अपना पूरा जीवन एक सफल व्यक्ति के रूप में इस उद्योग में बिताना चाहता था। मुझे कैमरे के इर्द-गिर्द रहना पसंद है, चाहे मैं उसके सामने रहूं या उसके पीछे।"
शो मिलने से पहले वह सोनाटा और मान्यवर जैसे ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। साथ ही वह एक गुजराती फिल्म में भी अपने अभिनय की झलक दिखा चुके हैं।