मनोज सिन्हा अयोध्या रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास करेंगे
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 20 फरवरी को अयोध्या रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
अयोध्या। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 20 फरवरी को अयोध्या रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह ने आज यहाँ ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी के रेलवे स्टेशन अयोध्या का सौंदर्यीकरण किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 20 फरवरी को परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसी सिलसिले में कल देर शाम सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के डीआरएम सतीश कुमार, एडीआरएम विनीत कुमार, एसडीसीएम शिवेन्द्र शुक्ल, एसडीएन हरीश कुमार, नगर निगम के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, स्टेशन अधीक्षक जी.पी. सिंह, अभियन्ता आर.आर. रिजवी सहित रेलवे के प्रशासनिक अधिकारियों ने अयोध्या रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
सांसद ने बताया कि लगभग अस्सी करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन का पूर्ण रूप से आधुनिकीकरण किया जायेगा। यात्रियों की सुविधाओं के लिये प्लेटफार्म का विस्तारीकरण किया जायेगा। इस प्लेटफार्म पर फुट ओवरब्रिज के अतिरिक्त स्टकेलटेर का भी प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में प्लेटफार्म का विस्तारीकरण कोल डिपो तक किया जायेगा और एंट्री गेट भी बनाया जायेगा। इस योजना के लिये अतिरिक्त भूमि की भी आवश्यकता पड़ेगी जिसके अधिग्रहण के लिये भी अगले ही चरण में कार्रवाई की जायेगी।
सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि यह योजना की स्वीकृति वर्ष 2016 में हो गयी थी लेकिन रेल बजट में धनराशि का प्रावधान होने के बाद ही कार्रवाई शुरू हुई। अयोध्या रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण हो जाने से दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बहुत ही सुविधा हो जायेगी।