महोबा: छात्रा ने लगाया उपनिरीक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप
उत्तर प्रदेश में महोबा के महोबकंठ क्षेत्र में पुलिस उपनिरीक्षक द्वारा एक छात्रा के साथ छेड़छानी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है;
महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा के महोबकंठ क्षेत्र में पुलिस उपनिरीक्षक द्वारा एक छात्रा के साथ छेड़छानी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस अधीक्षक एन0 कोलांची ने आज यहां बताया कि महोबकंठ इलाके में गत 26 सितम्बर को बीए की छात्रा के साथ पनवाड़ी कस्बे से कोचिंग पढ़कर घर लौटते समय एक वाहन चालक ने छेड़खानी की थी।
विरोध करने पर चालक ने उसे सुनसान स्थान पर वाहन से उतार कर भाग गया था। इस मामले में रिपाेर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच उपनिरीक्षक शिव शरण शर्मा को सौंपी गई थी।
उन्होंने बताया कि कल देर शाम पीड़ित छात्रा ने जांच अधिकारी पर ही अश्लीलता करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने कहा कि उसे अपने बयान दर्ज कराने के लिए गत एक अक्टूबर को थाने में बुलाया गया था।
गांव से आते समय पुलिस उपनिरीक्षक शिव शरण शर्मा ने रास्ते में ही उसे रोककर पूछताछ शुरू कर दी। अश्लील गाने गाते हुए बयान टेप करने के नाम पर मोबाइल फोन में अश्लील दृश्य दिखाए। उसका आरोप है कि दारोगा ने चालक से हुए विवाद में समझौता न करने पर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
कोलांची ने बताया कि विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ लाई गई शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में कुलपहाड़ के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार को जांच सौंपी गई है।