महिलाओं की गलत तरीके से वीडियो बनाना बर्दाश्त नहीं करेंगे: भाई जगताप
महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता भाई जगताप ने पैपराजी की ओर से महिलाओं के गलत एंगल से वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।;
मुंबई। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता भाई जगताप ने पैपराजी की ओर से महिलाओं के गलत एंगल से वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेता का यह बयान उस वक्त आया है, जब सपा नेता रईस शेख ने सीएम देवेंद्र फडणवीस की बेटी की एक गलत एंगल से वीडियो बनाने को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि एक पिता के तौर पर बेटी दिविजा के ऐसे गलत एंगल से लिए गए पैपराजी फुटेज को देखकर मेरा खून खौल उठा है। किसी भी महिला के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए। ऐसे पैपराजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसे सामान्य नहीं माना जा सकता।
कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि सपा नेता ने बिल्कुल सही बात कही है। छत्रपति शिवाजी महाराज का यह महाराष्ट्र है, जहां बेटियों और महिलाओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित करने की पहल सावित्रीबाई फुले ने की थी। अगर कोई भी व्यक्ति महिलाओं का गलत तरीके से वीडियो बनाता है या इस तरह की टिप्पणी करता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दूसरी ओर, मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को लेकर भाई जगताप ने कहा कि राहुल गांधी पिछले तीन वर्षों से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मुद्दा उठाया गया था। इसके अलावा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से जुड़े चुनावी मुद्दों को लेकर भी राहुल गांधी ने सवाल उठाए हैं। वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की गई थी और मुंबई में भी विपक्ष की ओर से यह मुद्दा उठाया गया था। ज्ञानेश कुमार की सच्चाई अब पूरे देश के सामने आ गई है। विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट है। राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि मौजूदा सरकार तानाशाही तरीके से काम कर रही है और यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। सरकार का रवैया संविधान को नष्ट करने जैसा रहा है और राहुल गांधी ने संसद में भी इस मुद्दे को उठाया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के राहुल गांधी पर दिए बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को पहले यह बताना चाहिए कि राम मंदिर में चोरी हुई है। उस पर क्या कहना है? आपने जिन्हें नियुक्त किया, उन्हीं के रहते चोरी हुई है। यह हम नहीं कह रहे हैं, संत-महात्मा कह रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप नहीं लगाया है। मंदिर का निर्माण पूरा होने से पहले ही उसका उद्घाटन कर दिया गया और बाद में वहां चोरी के मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को पहले इन मामलों से निपटा जाना चाहिए। उन्होंने सीईसी ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए और जेल भेजा जाना चाहिए।