ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बर्थडे पार्टी के बाद तीन दोस्त बीएमडब्ल्यू जेड4 स्पोर्ट्स कार से हाई-स्पीड ड्राइव पर निकले थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। कुछ ही मिनटों में यह रोमांचक सफर एक भीषण दुर्घटना में बदल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मृतकों के शव कई मीटर दूर तक सड़क पर बिखर गए।
मुंबई-वडोदरा हाईवे पर तड़के चार बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार तड़के करीब चार बजे मुंबई-वडोदरा राजमार्ग पर बदलापुर के पास एरंजाड इलाके में हुई। बीएमडब्ल्यू कार टिटवाला से बदलापुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटती हुई सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दो लोगों की मौके पर मौत, एक का इलाज जारी
इस हादसे में बदलापुर निवासी योगेश दीघे और रेबेका जैकब की मौत हो गई। दोनों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं कार चला रहे अंगद नामक युवक को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ठाणे के जुपिटर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जन्मदिन की पार्टी के बाद निकले थे तीनों दोस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, योगेश दीघे का जन्मदिन था और उसने बदलापुर पश्चिम क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ पार्टी आयोजित की थी। पार्टी समाप्त होने के बाद योगेश, रेबेका और कार मालिक अंगद देर रात निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे और हाईवे पर घूमने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज गति से दौड़ रही थी।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
दुर्घटना के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
नशे की हालत में गाड़ी चलाने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार की वास्तविक गति कितनी थी और किन परिस्थितियों में चालक का नियंत्रण वाहन से छूटा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मामला दर्ज
बदलापुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है। फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार, संभावित लापरवाही और चालक के नशे में होने जैसे पहलू भी शामिल हैं।