ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़, मुख्य आरोपी समर्थ सिंह ने किया सरेंडर
जबलपुर कोर्ट पहुंचा आरोपी, समय खत्म होने पर पुलिस को सौंपा
- चश्मा-मास्क-टोपी से पहचान छिपाने की कोशिश
- भोपाल पुलिस की कस्टडी में समर्थ सिंह
जबलपुर। ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी समर्थ सिंह के वकील जयदीप कौरव ने बताया कि समर्थ सिंह की ओर से उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। बाद में उसे वापस ले लिया गया और यह कहा गया कि वे स्वयं न्यायालय में सरेंडर करना चाहते हैं।
वकील जयदीप कौरव ने बताया कि सरेंडर करने के लिए समर्थ सिंह जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचे, लेकिन तब तक न्यायालय का समय समाप्त हो चुका था। इसके बाद समर्थ सिंह ने जबलपुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जबलपुर पुलिस ने समर्थ सिंह को अपनी कस्टडी में लेकर भोपाल पुलिस को सौंप दिया।
वकील ने बताया, "समर्थ सिंह के जबलपुर पहुंचने की वजह मुझे नहीं पता। हो सकता है कि वे यह समझ नहीं पाए हों कि उन्हें भोपाल के बजाय जबलपुर में सरेंडर करना है। शायद यही कारण रहा होगा कि वे भोपाल न जाकर जबलपुर पहुंचे और वहां सरेंडर किया।" वकील ने यह भी बताया कि मौजूदा समय में समर्थ सिंह भोपाल पुलिस की कस्टडी में हैं और पुलिस उन्हें भोपाल ले जाकर जांच करेगी।
वकील ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पुलिस की अंतिम रिपोर्ट पेश होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह करीब साढ़े चार बजे न्यायालय पहुंचे थे, लेकिन तब तक कोर्ट का समय समाप्त हो चुका था। इसके बाद उन्हें जबलपुर पुलिस की कस्टडी में दे दिया गया। वकील ने यह भी कहा कि समर्थ सिंह के कपड़े बदलने की जानकारी उन्हें नहीं है।
बता दें कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत पहुंचे। इसके बाद भोपाल पुलिस ने समर्थ सिंह को हिरासत में ले लिया और उन्हें भोपाल ले गई। इस बात की पुष्टि जबलपुर एसपी ने की है।