जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जताई चिंता, मुख्य सचिव को लिखा पत्र

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर राज्य की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है

Update: 2026-02-21 18:15 GMT

भोपाल। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर राज्य की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। इस पत्र में राज्य में शनिवार को कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव के साथ पुलिस के रवैए का जिक्र किया गया है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटवारी द्वारा मुख्य सचिव को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि राज्य में सत्तारूढ़ सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है। शनिवार को घटी घटनाओं ने प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए पटवारी ने कहा है कि भोपाल, इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालयों पर संगठित रूप से हमला किया गया। पत्थरबाजी, तोड़फोड़ एवं आपत्तिजनक नारेबाजी की गई तथा कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि इन घटनाओं के दौरान पुलिस प्रशासन अपेक्षित तत्परता एवं निष्पक्षता प्रदर्शित करने में विफल रहा। ऐसा प्रतीत होता है कि सत्ता के दबाव में उपद्रवियों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आगे कहा कि यह परिस्थितियाँ किसी भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक शासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं। लिहाजा, उक्त घटनाओं का संज्ञान लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाए, चाहे वे किसी भी दल या पद से संबंधित क्यों न हों।

पटवारी ने कहा कि यदि इन घटनाओं में किसी स्तर पर राजनीतिक संरक्षण या सहमति की भूमिका पाई जाती है, तो उसकी भी स्वतंत्र जांच कराई जाए, जिससे प्रदेश की जनता का कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक निष्पक्षता पर विश्वास पुनर्स्थापित हो सके।

Tags:    

Similar News