ग्वालियर में कार से ट्रैफिक कांस्टेबल को घसीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में चेकिंग के दौरान एक बार फिर कार चालक द्वारा ट्रैफिक कांस्टेबल को टक्कर मारकर घसीटने की गंभीर घटना सामने आई है
चेकिंग के दौरान अमेज कार ने मचाई सनसनी, सिपाही 100 मीटर तक घिसटा
- रेलवे स्टेशन के पास रात में हुई वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में चेकिंग के दौरान एक बार फिर कार चालक द्वारा ट्रैफिक कांस्टेबल को टक्कर मारकर घसीटने की गंभीर घटना सामने आई है। यह घटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी मॉल के सामने तिराहे पर बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे हुई, जब ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल ने एक कार को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार झांसी रोड ट्रैफिक थाने में पदस्थ सिपाही रवि विमल स्टेशन बजरिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से आ रही सफेद रंग की अमेज कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और रफ्तार बढ़ा दी। टक्कर लगने से सिपाही कार के बोनट पर गिर गया और करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया।
आरोप है कि चालक ने इसके बाद रेस कोर्स रोड की ओर तेज मोड़ लिया, जिससे झटका लगने पर सिपाही सिर के बल सड़क पर गिर गया और घायल होकर बेहोश हो गया। आसपास मौजूद पड़ाव थाना पुलिसकर्मियों ने घायल आरक्षक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई।
घटना पास में स्थित होटलों और निजी मॉल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। हालांकि फुटेज अभी सामने नहीं आया है, पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सिपाही रवि विमल की शिकायत पर पुलिस ने सफेद रंग की अमेज कार क्रमांक एमपी-07-सीजे-1124 के चालक 19 वर्षीय अंकित गुर्जर पुत्र केशव सिंह गुर्जर निवासी कल्याणपुरा राऊपुरा, थाना गोरमी जिला भिंड, उसके दोस्त 35 वर्षीय मुनेंद्र पुत्र स्वर्गीय विजय राम सिंह भदौरिया निवासी हरिछा, थाना गोरमी जिला भिंड और 26 वर्षीय सोहेल खान पुत्र राशिद खान निवासी गोहद जिला भिंड को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक अंकित गुर्जर ने बताया कि वह अपने दोनों दोस्तों के साथ स्टेशन बजरिया में खाना खाने आया था। कार उसके जीजा धर्मेंद्र गुर्जर निवासी गोरमी की है, जिसे वह मांगकर लाया था। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पड़ाव थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई कर फरार कार, चालक और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि चेकिंग के दौरान कार से पुलिस कर्मी को घसीटने की यह दूसरी घटना है।