मध्य प्रदेश सरकार छात्र हित में शिक्षकों की नियुक्तियां करे: कमलनाथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में बंद होते सरकारी स्कूलों पर चिंता जताई है और सरकार से शिक्षकों की नियुक्तियां करने की मांग की है। दरअसल राजधानी में नियुक्तियों को लेकर विभिन्न शिक्षक श्रेणी के उम्मीदवार आंदोलनरत हैं और नियुक्ति की मांग कर रहे हैं;

Update: 2026-09-05 13:17 GMT

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में बंद होते सरकारी स्कूलों पर चिंता जताई है और सरकार से शिक्षकों की नियुक्तियां करने की मांग की है। दरअसल राजधानी में नियुक्तियों को लेकर विभिन्न शिक्षक श्रेणी के उम्मीदवार आंदोलनरत हैं और नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आंदोलनरत शिक्षकों की चर्चा करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि प्रदेश के शिक्षक वर्ग-एक, दो और तीन के उम्मीदवार पिछले 15 दिनों से भोपाल में भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन इनकी मांग पर सरकार द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। सरकार ऐसे हालत में यह शिक्षा विरोधी रवैया अपना रही है, जब प्रदेश में बंद होने वाले स्कूलों की संख्या पूरे देश में सबसे ज्यादा है। यही नहीं, प्रदेश में स्कूल ड्राप आउट छात्रों की संख्या 12 लाख से अधिक है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ग-1 चयन परीक्षा 2023 के अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले तीन साल से पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में 8720 पद स्वीकृत और विज्ञापित किए गए थे, लेकिन पहली काउंसलिंग में केवल 2901 पदों पर नियुक्तियां हुईं। इससे 5819 पद अब भी खाली हैं या उन पर काउंसलिंग नहीं कराई गई है।

इसी तरह वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ग-2 में कम से कम 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाए जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कहना है कि जब प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में स्कूल बंद हो रहे हैं और लाखों बच्चे स्कूल छोड़ने को मजबूर हैं, तब यह बिल्कुल साफ है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षकों की आवश्यकता है, इसलिए छात्र हित में अभ्यर्थियों की मांग के अनुसार भर्ती की जाए। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए नई नियुक्तियां की जाएं।

Tags:    

Similar News