कश्मीर की खूबसूरती पर आंच न आने दें युवा : जनरल रावत

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के युवाओं से कहा कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों की खुशहाली और विकास के लिए तन, मन ,धन लगाकर उसकी खूबसूरती को बरकरार रखना है

Update: 2018-09-05 23:15 GMT

नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के युवाओं से कहा कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों की खुशहाली और विकास के लिए तन, मन ,धन लगाकर उसकी खूबसूरती को बरकरार रखना है। 

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ डिग्री कॉलेज के छात्रों ने बुधवार को यहां जनरल रावत से मुलाकात की। ये छात्र किश्तवाड, मारवाह और छत्रू के रहने वाले हैं। जनरल रावत ने इस दौरान छात्रों के साथ विभिन्न विषयों पर खुलकर बात की और उनके साथ अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने कहा कि किश्तवाड और पूरा जम्मू-कश्मीर दुनिया के सबसे खूबसूरत क्षेत्रों में शामिल हैं युवाओं को इसकी सुंदरता बरकरार रखने के लिए संकल्प लेना होगा और इसके लिए तन, मन और धन लगाना होगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें भटकाने वाले तत्वों से दूर रहना होगा और अपना कैरियर बनाने पर ध्यान देना होगा। 

सेना प्रमुख ने छात्रों से कहा कि वे मेहनत के साथ पढाई करें और अपने परिवारों का संबल बनने के साथ साथ अपने अपने क्षेत्रों की खुशहाली और विकास के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि वे डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य क्षेत्रों में बड़े अधिकारी बनें तथा राज्य और देश की प्रगति में भागीदार बनें। सेना प्रमुख ने उनमें सेना में शामिल होने का जज्बा जगाते हुए उन्हें देश की रक्षा में योगदान देने की प्रेरणा भी दी। 

ये छात्र सेना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सद्भावना टूर के तहत दिल्ली घूमने आये थे। सेना इस तरह के टूर का आयोजन कर इन बच्चों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर से अवगत कराती है और उनमें राष्ट्र प्रेम का जज्बा पैदा करने की कोशिश करती है। 

Full View

Tags:    

Similar News