रहमान गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन निर्वासित हो गए थे। तब शेख हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे। बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को बैन कर दिया गया है। ऐसे में बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) चुनाव जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है। BNP की अध्यक्ष खालिदा जिया की उम्र 80 साल हो चुकी है और बहुत बीमार चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रहमान अगले PM के दावेदार हो सकते हैं। पालतू बिल्ली जीबू को ढाका लेकर आए
तारिक रहमान अपने साथ अपनी पालतू बिल्ली जीबू को ढाका लेकर आए हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि जीबू को एक विशेष व्यवस्था के तहत लाया गया था। वहीं तारिक रहमान की पत्नी जुबैदा रहमान और उनकी बेटी जैमा रहमान ढाका के गुलशन इलाके स्थित आवास पर पहुंच गई हैं।
तारिक बोले- 6,314 दिनों के बाद बांग्लादेश लौटा
ढाका पहुंचने के तुरंत बाद BNP नेता तारिक रहमान ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान, तारिक ने अपनी वापसी के लिए किए गए इंतजामों, विशेष रूप से सुरक्षा उपायों के लिए अंतरिम सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरी ओर से और मेरे परिवार की ओर से, मैं आपका धन्यवाद करता हूं। आपने अपनी ओर से, विशेष रूप से मेरी सुरक्षा के लिए कई इंतजाम किए हैं।” अपने पिता पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बंगले में रुकेंगे तारिक
तारिक रहमान गुरुवार को स्वागत समारोह के बाद, वे एवरकेयर अस्पताल जाएंगे, जहां उनकी मां, पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया का 23 नवंबर से इलाज चल रहा है। अस्पताल से तारिक गुलशन एवेन्यू स्थित अपने आवास जाएंगे। खालिदा बगल वाले घर में रहती हैं, जिसे "फिरोजा" के नाम से जाना जाता है। जिस बंगले में तारिक रहेंगे, वह तारिक के पिता दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान का है। रहमान की हत्या के बाद यह घर उनकी पत्नी खालिदा जिया को दिया गया था।