जम्मू-कश्मीर: एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी का भंडाफोड़, 75 सिलेंडर बरामद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भद्रवाह क्षेत्र से 75 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं

Update: 2026-03-14 17:13 GMT

डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भद्रवाह क्षेत्र से 75 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को एसएसपी डोडा संदीप मेहता (जेकेपीएस) के निर्देश पर पुलिस स्टेशन भद्रवाह की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग भद्रवाह इलाके में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अब्दुल हमीद पुत्र मोहम्मद सुल्तान निवासी मस्जिद मोहल्ला भद्रवाह, गुलाम रसूल पुत्र अब्दुल अजीज वानी निवासी मशरा धार तहसील मरवाह, किश्तवाड़ (वर्तमान पता पसारी भद्रवाह) और मोहम्मद साखी पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी कुलहंड डोडा (वर्तमान पता चक्का भद्रवाह) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच के दौरान अब्दुल हमीद के कब्जे से 8 भरे हुए और 15 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि गुलाम रसूल के पास से 28 भरे हुए और 24 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। इस तरह तीनों के संयुक्त कब्जे से कुल 75 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए।

इस संबंध में पुलिस स्टेशन भद्रवाह में एफआईआर संख्या 29/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

डोडा पुलिस ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी आम जनता को सीधे तौर पर प्रभावित करती है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं इस तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Tags:    

Similar News