धोखाधड़ी मामले में जगत बासमती चावल का मालिक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को देश के एक मशहूर चावल ब्रांड जगत बासमती के मालिक संतलाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया

Update: 2019-08-27 14:52 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को देश के एक मशहूर चावल ब्रांड जगत बासमती के मालिक संतलाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। उद्योगपति को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बाहरी-उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने संतलाल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। 

संतलाल के खिलाफ नरेला थाने में आठ अगस्त को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया, "संतलाल पर लगभग 1.90 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। संतलाल के खिलाफ दिल्ली की नरेला अनाज मंडी के चावल के आढ़ती विकास गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी।"

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि संतलाल ने काफी समय पहले उससे करीब 1.90 करोड़ रुपये के चावल उधार लिए थे। बाद में आरोपी ने 40 लाख रुपये के चेक दिए। बैंक में जमा करने पर वे चैक कैश नहीं हो सके।

दिल्ली पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, "शिकायतकर्ता के रुपये लौटाने के बजाए पांच सितारा होटल और जगत बासमती जैसे मशहूर ब्रांड के स्वामी संतलाल अग्रवाल ने कंपनी को दिवालिया घोषित कर दिया।"

जिला पुलिस उपायुक्त ने कहा कि संतलाल के खिलाफ दिल्ली में और कहां-कहां ठगी-धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं इसकी जांच अभी जारी है। 

Full View

Tags:    

Similar News