West Asia: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कोमा में? एयर स्ट्राइक में गंभीर रूप से घायल होने की रिपोर्ट

द सन की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि हमले में मोजतबा खामेनेई को बेहद गंभीर चोटें आईं। दावा किया गया है कि उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों को उनका एक या संभवतः दोनों पैर काटने पड़े।

Update: 2026-03-13 05:00 GMT
लंदन/तेहरान। West Asia Crisis: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आ रही हैं। ब्रिटेन के टैबलॉयड अखबार द सन की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हाल ही में हुए एक हवाई हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद नाजुक है और वह कथित तौर पर कोमा में भी हो सकते हैं।

रिपोर्ट में गंभीर चोटों का दावा

द सन की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि हमले में मोजतबा खामेनेई को बेहद गंभीर चोटें आईं। दावा किया गया है कि उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों को उनका एक या संभवतः दोनों पैर काटने पड़े। सूत्रों ने यह भी कहा कि उनके शरीर के अंदरूनी अंगों को भी भारी नुकसान पहुंचा है और उनके पेट या लीवर में गंभीर क्षति हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उनकी स्थिति बेहद नाजुक है और वह कोमा की स्थिति में हो सकते हैं। ईरान के सरकारी टेलीविजन पर हालांकि उन्हें “रमजान का जांबाज” यानी “घायल योद्धा” कहकर संबोधित किया गया, जिससे यह संकेत देने की कोशिश की गई कि वह हमले में घायल जरूर हुए हैं, लेकिन नेतृत्व कायम है।

क्या पिता पर हुए हमले में घायल हुए?

रिपोर्ट के अनुसार 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई उस हवाई हमले में घायल हुए थे जिसमें उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी। बताया गया है कि 28 फरवरी को हुए एक बड़े एयर स्ट्राइक में 86 वर्षीय अली खामेनेई की हत्या हो गई थी। उसी हमले के दौरान मोजतबा भी गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें तुरंत तेहरान ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें चोटें उसी हमले में लगी थीं या बाद में किसी अन्य हमले के दौरान।

ट्रंप ने भी दी प्रतिक्रिया

मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर अमेरिका में भी चर्चा हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज रेडियो को दिए एक इंटरव्यू में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, तो उन्‍होंने कहा, “मुझे लगता है कि वह शायद जिंदा हैं, लेकिन यह भी संभव है कि उन्हें बहुत गंभीर चोटें आई हों। ट्रंप के इस बयान ने भी मोजतबा की स्थिति को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दे दी है।

तेहरान के अस्पताल में चल रहा इलाज

रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा खामेनेई का इलाज इस समय तेहरान के सीना यूनिवर्सिटी अस्पताल में किया जा रहा है। बताया गया है कि उन्हें अस्पताल की इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है और वहां सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार अस्पताल के जिस हिस्से में उनका इलाज चल रहा है उसे पूरी तरह सील कर दिया गया है और केवल कुछ अधिकृत अधिकारियों और डॉक्टरों को ही वहां जाने की अनुमति दी गई है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ईरान के स्वास्थ्य मंत्री और प्रसिद्ध ट्रॉमा सर्जन मोहम्मद रजा जफरगंडी खुद उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।

राष्ट्रपति की गुप्त मुलाकात का दावा

द सन की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दो दिन पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने गुप्त रूप से अस्पताल पहुंचकर मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की। बताया गया है कि यह मुलाकात बेहद गोपनीय तरीके से कराई गई और अस्पताल की आईसीयू में बहुत सीमित लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी।

सरकारी मीडिया ने जारी किया संदेश

इस बीच ईरान के सरकारी मीडिया ने नेतृत्व की निरंतरता दिखाने की कोशिश करते हुए एक बयान प्रसारित किया। इसे मोजतबा खामेनेई का सुप्रीम लीडर बनने के बाद पहला संदेश बताया गया। हालांकि यह संदेश खुद खामेनेई ने नहीं पढ़ा, बल्कि एक समाचार एंकर ने उसे पढ़कर सुनाया। इस बयान में कहा गया कि ईरान अपने नागरिकों के खून का बदला जरूर लेगा और क्षेत्र में अपने दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा। रिपोर्ट के अनुसार इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की चेतावनी का भी जिक्र किया गया।

सत्ता व्यवस्था को लेकर भी चर्चा

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ईरान की सैन्य और राजनीतिक व्यवस्था इतनी मजबूत है कि वह शीर्ष नेता की सक्रिय भूमिका के बिना भी काम कर सकती है। एक ईरानी विश्लेषक के हवाले से कहा गया कि अली खामेनेई ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान ऐसी व्यवस्था बनाई थी जिसमें संस्थाएं मजबूत हैं और जरूरत पड़ने पर नेतृत्व की अनुपस्थिति में भी निर्णय लिए जा सकते हैं। फिलहाल मोजतबा खामेनेई की वास्तविक स्थिति को लेकर कई सवाल बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर की सेहत और देश की सत्ता व्यवस्था आने वाले दिनों में किस दिशा में जाती है।

Tags:    

Similar News