मध्य कमान में जांबाज सैनिक वीरता व विशिष्ट पदकों से अलंकृत

सेना की मध्य कमान ने मंगलवार को लखनऊ छावनी सूर्या प्रेक्षागृह में एक 'अलंकरण समारोह' आयोजित किया

Update: 2019-02-27 00:24 GMT

लखनऊ। सेना की मध्य कमान ने मंगलवार को लखनऊ छावनी सूर्या प्रेक्षागृह में एक 'अलंकरण समारोह' आयोजित किया, जिसमें मध्य कमान के सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अभय कृष्णा ने अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले दो सैन्याधिकारियों सहित छ: जवानों को सेना पदक (वीरता) से अलंकृत किया। 

इस दौरान विशिष्ट सेवाओं के लिए दो सैन्यधिकारियों को 'विशिष्ट सेवा पदक' तथा एक सैन्यधिकारी को सेना पदक (विशिष्ट) से अलंकृत किया गया। अभय कृष्णा ने मध्य कमान की चयनित नौ यूनिटों को उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए 'यूनिट प्रशस्ति पत्र' प्रदान किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अभय कृष्णा ने वीरता एवं विशिष्टि पदकों से सम्मानित सभी सैन्यकर्मियों एवं सम्मानित यूनिटों को धन्यवाद देते हुए भारतीय सेना का ध्वज सदैव ऊंचा रखने का आह्वान किया। 

सेना पदक (वीरता) अलंकृत होने वाले सैन्यधिकारियों में कैप्टन प्रभाकर देव सिंह, कैप्टन शशांक शर्मा, सिपाही बाबूलाल यादव, नायक तगतिंदर सिंह, नायक धर्मपाल, हवलदार, रामवीर सिंह, सिपाही सचिन कुमार, सिपाही मनजिंदर सिंह (मराणोपरांत) शामिल हैं।

सेना पदक (विशिष्ट) से मेजर प्रवीण कुमार और विशिष्ट सेवा पदक से लेफ्टिनेंट जनरल दलीप सिंह व कर्नल मनीष पार्थसारथी अलंकृत हुए। 

Full View

Tags:    

Similar News