राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेंग-रेंग कर चले वाहन
होडल ! राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हसनपुर चौक के आसपास पिछले तीन दिन से जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने हसनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया है;
होडल ! राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हसनपुर चौक के आसपास पिछले तीन दिन से जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने हसनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया है जिसके बाद वाहन चालकों को जाम से काफी राहत मिली है। राजमार्ग पर सडक और पुल के निर्माण कार्य के चलते पिछले तीन दिनों से यहां जाम की स्थिती बनी हुई थी। गेहूं का सीजन होने के कारण आसपास के गावों से गेहूं की फसल लेकर अनाज मंडी तक पहुंचने वाले ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के दबाव के चलते हसनपुर चौक,रेलवे चौक तथा गोड़ोता चौक पर वाहनों का आवागमन बढ़ता जा रहा है
जिसके कारण यहां पिछले तीन दिन से जाम की स्थिती बनी हुई है शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित इस चौराहे पर जाम लगने के कारण डबचिक पयर्टन केन्द्र तक वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं थी। राजमार्ग पर जाम होने के कारण वाहन चालकों ने शहर के अन्दर से वाहन निकालने शुरू कर दिए जिसके कारण पुरानी जी टी रोड,सब्जी मंडी में भी यातायात व्यवस्था ठप होकर रह गई। जाम की सूचना पर डीएसपी मौजीराम थाना प्रभारी रतनलाल के साथ पुलिस लेकर हसनपुर चौक पहुंच गए और वाहनों को निकालने का कार्य शुरू कराया। पुलिस ने हसनपुर चौक पर जाम लगने के कारणों की जांच के बाद उक्त चौराहे पर फिलहाल बेरीकेट लगाकर वाहनों मार्ग बदलना शुरु कर दिया है जिसके बाद वाहन चालकों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि सडक़ और पुल के निर्माण कार्य के चलते शनिवार को भी राजमार्ग पर वाहन रेंग रेंग कर चलते दिखाई दिए।