जानलेवा हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने बेटे और बहू से मिलने को लेकर हुए विवाद में समधिन पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है;
पंचकूला। हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने बेटे और बहू से मिलने को लेकर हुए विवाद में समधिन पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार के नालंदा जिले के ईशापुर निवासी संजय (49) के रूप में हुई है।
प्रवक्ता के अनुसार घटना 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे उद्योग विहार थाना क्षेत्र में हुई। पीड़िता ने 17 अगस्त को उद्योग विहार थाने में शिकायत देकर बताया कि उसके समधी नशे की हालत में उसके पास आए और उसके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि विवाद के दौरान उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया। आरोप है कि आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर उद्योग विहार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्योग विहार थाना पुलिस की टीम ने 18 अगस्त को आरोपी संजय को गुरुग्राम के सेक्टर-21 स्थित सूर्य विहार से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शिकायतकर्ता उसे अपने बेटे और बहू से मिलने नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी और इसी विवाद के चलते उसने 16 अगस्त की रात कथित तौर पर हमला किया।
पुलिस ने आरोपी को आज अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।