हरदा: छेड़खानी से परेशान किशोरी ने लगाई फांसी

मध्यप्रदेश के हरदा जिला मुख्यालय पर बदमाशों की लगातार छेड़छाड़ से तंग आकर एक किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

Update: 2017-02-02 12:30 GMT

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिला मुख्यालय पर बदमाशों की लगातार छेड़छाड़ से तंग आकर एक किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।  बताया जा रहा है कि किशोरी ने छह महीने पहले भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया था। बदमाशों की गिरफ्तारी और उसके बाद रिहा होने के चलते वे किशोरी को और ज्यादा परेशान कर रहे थे।

कल देर शाम हुई इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। 
हरदा जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किरणलता किरकट्टा ने बताया कि स्थानीय बायपास रोड के पास रहने वाली 16 वर्षीय एक छात्रा ने कल देर शाम छेड़छाड़ से तंग आकर अपने घर में फांसी लगा ली।

घटना को लेकर उपजे गहरे आक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी युवकों के घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। 
उन्होंने बताया कि पीडित छात्रा द्वारा जुलाई 2016 में उसके साथ छेडछाड करने वाले युवक फारूख और सलमान के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया था। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक पुलिस ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ हरदा थाने में अपराध दर्ज किया है, जिनमें से पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है। तनावपूर्ण स्थिति के चलते क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। 

Tags:    

Similar News