जापान में रिलीज होगी गली बॉय

बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म ‘गली बॉय’ जापान में रिलीज होगी।

Update: 2019-09-07 13:20 GMT

मुंबई । बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म ‘गली बॉय’ जापान में रिलीज होगी।

जोया अख्तर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी वाली फिल्म इस साल रिलीज हुई थी। ‘गली बॉय’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। यह फिल्म अब अगले महीने जापान में रिलीज हो रही है। इसे लेकर रणवीर काफी रोमांचित हैं। उनका कहना है, ‘‘मैं बहुत खुश हूं और मुझे गर्व है कि ‘गली बॉय’ जापान में रिलीज हो रही है। मैं कभी जापान नहीं गया, लेकिन इस उगते सूरज की भूमि के बारे में काफी अद्भुत चीजें सीखी, सुनी और देखी हैं।”

उन्होंने कहा, मैं कभी ना कभी वहां जाऊंगा। गली बॉय जापान में रिलीज हो रही है और जिन्होंने फिल्म पर काम किया है, यह उन सभी के लिए बहुत ही खुशी और गर्व का क्षण है। हमारी फिल्म जापान के विशाल क्षेत्र तक अपना सफर तय करेगी और हम आशा करते हैं कि आप सभी इसे देखेंगे और पसंद करेंगे।

गौरतलब है कि फिल्म में रणवीर ने मुंबई के एक फुटपाथ में रहने वाले लड़के की भूमिका निभाई है, जो बड़े सपने देखता है और अपने लक्ष्य को हासिल करता है। रणवीर फिल्म में रैप/हिप-हॉप कलाकार भी बने हैं। उनके गाने असली हिप हॉप और ‘अपना टाइम आएगा’ ने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया और ये दोनों गाने भारत में सबसे ज्यादा सुने जाने वाले शीर्ष दो गानों की सूची में शामिल हो गए।

Full View

Tags:    

Similar News