ग्राम पंचायतों में विकास की बनेगी 15 वर्षीय योजना
कोरबा । भारत सरकार के नीति आयोग के निर्देशानुसार देश के सभी ग्राम पंचायतों सहित कोरबा जिले के सभी 390 पंचायतों में 26 जनवरी को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर ग्राम की प्राथमिकता के;
26 को ग्राम सभा में तय होगा विजन डाक्यूमेंट
कोरबा । भारत सरकार के नीति आयोग के निर्देशानुसार देश के सभी ग्राम पंचायतों सहित कोरबा जिले के सभी 390 पंचायतों में 26 जनवरी को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर ग्राम की प्राथमिकता के आधार पर पंचवर्षीय के बजाय 15 वर्षीय विजन दस्तावेज तैयार किये जाएंगे। आगामी 3 वर्षों की कार्ययोजना, 7 वर्षों की रणनीति एवं 15 वर्षोँ का विजन डाक्यूमेंट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, विकास, रोजगार, स्वच्छता एवं ग्राम सभा की दृष्टि से अन्य किसी सेक्टर को वर्ष 2032 के लिए प्राथमिकता क्रम में चिहिन्त किये जाने हेतु कलेक्टर द्वारा विशेष ग्राम सभा करने निर्देशित किया गया है।
कलेक्टर पी दयानंद ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता आहूत कर सभी ग्रामवासियों को उक्त ग्रामसभा में शामिल होने अपील कर कहा कि ग्रामीण अपने ग्राम के स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता क्रम देने हेतु विशेष ग्राम सभा में चर्चा करें।
कलेक्टर ने जिले के संदर्भ में बीते वर्ष 2016 की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 8588 मकान का इस वित्तिय वर्ष में पंजीयन हो चुका है। चार माह में अधिकतम मकान पूर्ण कर लिये जाएंगे। स्वच्छ भारत मिशन के तहत विपरीत पस्थितियों के बावजूद कटघोरा विकासखंड को आोडीएफ घोषित किया गया। करतला व कोरबा खंड को 26 जनवरी तक ओडीएफ करना है। 14 अपै्रल तक शासन के निर्धारित समय तक करतला व कोरबा को ओडीएफ करने पूरी टीम प्रतिबद्ध है। जिले में आधार कार्ड सिडिंग की पूर्णता 98 प्रतिशत से ऊपर है। सिटी बस जिले में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है व इसकी मांग कई रूटों पर चलाने के लिए हो रही है। धान खरीदी के लिए इस बार का मौसम काफी अच्छा रहा। अब तक 94500 मिट्रिक टन धान खरीद चुके हैं और अंतिम तिथि तक करीब 1 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी संभावित है। व्यक्तिगत व सामुदायिक वन अधिकार पत्र दिये जा रहे हैं। 31 दिसंबर 2016 तक कुल 30637 जाति प्रमाण पत्र छात्राअें को जारी किये गये जिनमें 23319 एससी एसटी वर्ग से हैं। राजीव गांधी विद्युतीकरण, पं. दीनदयाल योजना से मजरा टोला को रोशन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में 54 करोड 29 लाख का ऋण बांटा जा चुका है। स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव में भी कोरबा की अच्छी स्थिति है। वनांचलों में एनआरसी सेंटर खोले जाने की योजना है। 30 लोक सेवा केन्द्रों से 61649 प्रकरणों का निराकरण किया गया है जबकि कई क्षेत्र में कनेक्टीविटी की समस्या है। चिराऊ योजना में जिले से 74788 बच्चों का उपचार किया गया। कृषि विभाग द्वारा 5400 किसानों को मृदा परीक्षण कर मृदा हेल्थ कार्ड वितरित किया गया है। स्याहीमुड़ी में शिक्षा परिषद का निर्माण प्रगति पर है। पीईटी, पीएमटी की कोचिंग के लिए शिक्षा परिषद में ही भवन बन रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास से 3 वर्ष में सवा 600 करोड़ की कार्ययोजना बनी है। 180 करोड़ के कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति हो चुकी है जिनमें से 150 करोड़ के कार्य शुरू हैं। तालाबों का जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण की योजना है। पाली के तालाब को आम जन के लिए उपयोगी बनाया जाना है। कटघोरा के बेसिक स्कूल में सवा 4 करोड़ से भवन बनेगा। 62 स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के 17 करोड़ 9 लाख, दर्री बरॉज मरीन ड्राइव के लिए 20 करोड़ का अनुमोदन किया गया है। 78 गांवों में 76 नल जल योजना संचालित है। सुपर थर्टी के लिए प्रयास जारी है। एसईसीएल के भू विस्थापितों के मुद्दे पर कहा कि प्रशासन को वे सहयोग करे। जिला अस्पताल के लिए नया भवन निर्माण की जानकारी दी। कैसलेस के लिए जिले में 60 हजार पौस मशीन की आवश्यकता बताई व शासन स्तर पर मांग करने की जानकारी दी। पत्रवार्ता में जिला पंचायत सीईओ इद्रजीत चन्द्रवाल, एडीएम श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, डिप्टी कलेेक्टर विश्वास राव मेश्राम भी उपस्थित थे।
पहाड़ी कोरवा और बिरहोरों में ला रहे परिवर्तन
कौशल उन्नयन में कोरबा जिला पूरे राज्य में बायो मैट्रिक हाजिरी में नंबर 1 रहा। योजना के अनुसार लाइवलीहुड कालेज में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 51 पहाड़ी कोरवा, 39 बिरहोर सहित कुल 90 विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को उनके जीवन में परिवर्तन लाने ड्राइविंग, सिक्यूरिटी गार्ड का प्रशिक्षण दे रहे हैं। पहाड़ी कोरवा बिरहोरों के लिए मुख्यमंत्री के 11 सूत्रीय कार्यक्रम अनुसार शिविर लगाकर स्मार्ट कार्ड, आधार कार्ड बनाकर पेंशन, छात्रवृत्ति, शाला त्यागी बच्चों को स्कूल भेजने सहित योजनाओं से लाभांवित किया जा रहा है। सुदूर 35 गांवों में सोलर लाइट व सोलर पम्प जंगल के भीतर खनिज न्यास की राशि से स्थापित किये गये हैं। छुरी एकलव्य परिसर में 30 पहाड़ी कोरवा बच्चे पढ़ रहे हैं।
निगम चौड़ीकरण करे, प्रशासन फंड देगा
पुराना पवन टाकिज रेलवे क्रासिंग से सर्वमंगला की ओर संकरे मार्ग में जाम की समस्या पर कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने नगर निगम को कई बार सडक़ चौड़ीकरण के लिए कहा गया है। निगम सडक़ चौड़ीकरण का कार्य कराये और इसके लिए जिला प्रशासन पूरी राशि देगा। सडक़ चौड़ीकरण करने के लिए एक तरफ के हिस्से में तोडफ़ोड़ करनी होगी।
स्मोकलेस कोरबा की चुनौती पूरी करेंगे
उज्जवला योजना की स्थिति पर बताया कि पहले 29400 गैस कनेक्शन का लक्ष्य था जिसमें से 24 हजार कनेक्शन इंस्टाल कर चुके थे। 10 दिन पहले लक्ष्य बढ़ाकर 3 हजार से कुछ अधिक कर दिया गया है जिसके लिए केवाईसी हो चुकी है। कच्चे कोयले का उपयोग खत्म करने मिशन मोड पर कार्य हो रहा है व रेल लाईन किनारे रहने वालों को जागृत किया जाएगा। ऐसे लोगों का सर्वे कराने कहा गया है व जल्द ही गैस कनेक्शन देंगे। इसके बाद भी कच्चा कोयला जलाने पर पुलिस विभाग व सभी थानेदारों के साथ मिलकर पूर्णता कोयला जलाने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। स्मोकलेस कोरबा के लिए डिप्टी कलेक्टर विश्वास राव मेश्राम को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
विधायक दिखाएं सक्रियता
सांसद आदर्श ग्राम तिलकेजा में बेहतर स्थिति का जिक्र करते हुए कलेक्टर ने कहा कि विधायक आदर्श ग्रामों में भी सक्रियता दिखाने की अपील वे संबंधित विधायकों से करते हैं। आदर्श ग्राम कोई योजना नहीं है बल्कि उस गांव में शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कराने का एक प्रयास है। जिस तरह सांसद बहुत अधिक सक्रिय हैं, उसी तरह विधायकगण भी अपने आदर्श ग्राम में बढ़ चढक़र पहल करें व सक्रियता दिखाएं।