सरकार बच्चों को स्वेटर नहीं बांट पा रही: अखिलेश
अखिलेश यादव ने ठण्ड से मरने वालों के आश्रितों को पांच लाख रुपये राहत राशि देने की मांग करते हुए आज कहा कि जो सरकार बच्चों को स्वेटर नहीं बांट पा रही है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ठण्ड से मरने वालों के आश्रितों को पांच लाख रुपये राहत राशि देने की मांग करते हुए आज कहा कि जो सरकार बच्चों को स्वेटर नहीं बांट पा रही है वह विकास के दूसरे काम क्या करेगी।
यादव ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि सर्दी में स्वेटर बंट जाने चाहिए थे। उन्होंने कटाक्ष किया कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) दावा करती है कि उसके करोड़ों सदस्य हैं, यदि एक सदस्य एक स्वेटर देता तो सभी बच्चों को स्वेटर मिल जाता। उन्होंने कहा कि बच्चों का खाना रोककर स्वेटर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन ही दे दिया जाये तो मां अपने बच्चों के लिए स्वेटर खरीद लेती लेकिन श्री योगी ने पद सम्भालते ही पहले समाजवादी पेंशन बंद किया।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के खिलाफ व्यापक पैमाने पर अन्याय किया है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि नेताजी(मुलायम सिंह यादव) मैनपुरी ही नहीं जहां से भी चुनाव लड़ना चाहेंगे, लड़ाया जायेगा।