उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह का निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया।
बांदा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे।
बाँदा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार दीक्षित ने यहां बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह ने शुक्रवार को सुबह सात बजे नई दिल्ली स्थित मैक्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे।
दिवंगत नेता विवेक कुमार सिंह वर्ष 1997 , 2007 व 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक चुने गए थे। वे लगभग 4 वर्ष तक प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रहे। पूर्व मंत्री के निधन पर पूरे बुंदेलखंड में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को आज देर शाम तक बांदा लाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को बाँदा नगर के हरदौली केन नदी घाट के मुक्तिधाम किया जायेगा।