दुबई के टॉर्च टावर में लगी भीषण आग
दुबई मरीना के करीब शुक्रवार तड़के 84 मंजिला टॉर्च टॉवर में भीषण आग लग गई
दुबई। दुबई मरीना के करीब शुक्रवार तड़के 84 मंजिला टॉर्च टॉवर में भीषण आग लग गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया जा सका। पिछले दो सालों में यह दूसरी बार है, जब यहां आग लगी। सीएनएन के अनुसार, दुबई के सिविल डिफेंस ने बताया कि आग तड़के करीब 3.30 बजे लगी।
आग पर दो घंटे बाद काबू पाया जा सका। अधिकारियों ने कहा कि इमारत को ठंडा किया जा रहा है। मीडिया कार्यालय ने ट्वीट कर बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो में इमारत के एक तरफ आग की लपटें व मलबे गिरते नजर आ रहे हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी के अुनसार, उसे लगता है कि आग ने 30 से 40 मंजिलों में चपेट में लिया। पार्किंग में खड़ी दो कारों में भी मलबा गिरने से आग लग गई।
सीएनएन के मुताबिक, टॉर्च टॉवर में फरवरी 2015 में भी भीषण आग लगी थी। साल 2015 में लगी आग का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। इमारत डेवेलपर सेलेक्ट ग्रुप के अनुसार, टॉर्च टॉवर 2011 में बनकर तैयार हुई थी और तब यह दुनिया की सबसे ऊंची रिहायशी इमारत थी। इसमें 682 आवासीय इकाइयां हैं।