अंतत: प्राचार्य सराफ को किया गया निलंबित
विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा व कटघोरा थानांतर्गत तानाखार के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छत पर रविवार अवकाश दिवस को एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए प्राचार्य मनोज सराफ को अंतत: निलंबित कर दिया गया
कोरबा। विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा व कटघोरा थानांतर्गत तानाखार के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छत पर रविवार अवकाश दिवस को एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए प्राचार्य मनोज सराफ को अंतत: निलंबित कर दिया गया है। बिलासपुर कमिश्नर ने बहुप्रतीक्षित इस मामले में फैसला लिया है। उन्होंने कोरबा जिला शिक्षाधिकारी को भेजे अपने फैसले में उन्हें तत्काल निलंबित करने की बात कही है।
निलंबन काल में उनकी पदस्थापना कहां होगी यह अभी तय नहीं है। फैसले की जानकारी जिलाशिक्षाधिकारी डीके कौशिक ने दी है। दूसरी ओर स्कूल में रिक्त प्राचार्य के पद पर अभी किसी को पदस्थ नहीं किया गया है। जिलाशिक्षाधिकारी कार्यालय जल्द ही वरिष्ठता के आधार पर वहां किसी अन्य शिक्षक की पदस्थापना करेगी। दो माह पूर्व कलेक्टर कार्यालय ने मनोज सराफ के संबंध में सभी जानकारी बिलासपुर कमिश्नर को प्रेषित की थी जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे की संभागायुक्त जल्द ही कोई फैसला ले सकते हैं।
गौरतलब है कि लगभग दो महीने पहले तानाखार के प्राचार्य मनोज सराफ स्कूल भवन के भीतर ही किसी युवती के साथ रंगरलियां मनाते हुए पकड़े गए थे। गांव वालों ने उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा था जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी थी। कटघोरा पुलिस ने प्राचार्य सराफ के विरूद्ध धारा 109 के तहत जुर्म दर्ज किया था।
उसे कटघोरा एसडीएम राजेन्द्र गुप्ता के न्यायालय में पेश किया गया था जहां से प्राचार्य को जमानत न देकर जेल दाखिल करा दिया गया था। माना जा रहा था कि इस तरह का कृत्य करने वाले प्राचार्य के विरूद्ध जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा। इन कयासों के मध्य आखिरकार मनोज सराफ को निलंबित कर दिया गया। इस कार्रर्वाइ से तानाखार उमावि क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष है।