यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 आज से , 28 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; AI कैमरों से होगी निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 आज से शुरू हो गई है। 75 जिलों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। नकल रोकने के लिए AI कैमरे, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।;
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन आज से शुरू हो गया है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। भर्ती अभियान के तहत कुल 32,679 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
दो शिफ्टों में होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे के बीच केंद्र पर पहुंचना होगा। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी और रिपोर्टिंग का समय दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
AI तकनीक और 30 हजार कैमरों से निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए हाई-टेक व्यवस्था की है। डीआईजी सत्यार्थ पंकज के अनुसार, राज्य स्तर पर एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से 1,183 परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। 30,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और AI आधारित सॉफ्टवेयर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा।
अभ्यर्थियों को यात्रा में राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। इससे दूर-दराज के जिलों से आने वाले उम्मीदवारों को राहत मिलेगी।
कानपुर के 56 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1.17 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि झांसी समेत अन्य प्रमुख शहरों के रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।