यूपी पंचायत चुनाव का रास्ता साफ, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट आज करेगी बड़ा ऐलान
UP Panchayat Election News: उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव का रास्ता साफ होते दिख रहा है। यूपी की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट आज पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को लेकर बड़ी घोषणा कैबिनेट मीटिंग में कर सकती है।;
लखनऊ। UP Panchayat Chunav Date: उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। यूपी की योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट आज पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन पर बड़ा फैसला ले सकती है। कैबिनेट मीटिंग में नए ओबीसी आयोग को मंजूरी मिलेगी। आयोग ही पंचायत चुनाव में आरक्षण तय करेगा। हालांकि अब 26 मई तक पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं लग रहा है। ऐसे में चुनाव बरसात बाद अक्टूबर-नवंबर या फिर मार्च में विधानसभा चुनाव के बाद ही संभव लग रहे हैं।
यूपी कैबिनेट में OBC आयोग के गठन का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ओबीसी आयोग सभी 75 जिलों में बैठक, जातिवार और आर्थिक आंकड़ों की समीक्षा के बाद ही आरक्षण संबंधी अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। इसमें 4-5 महीनों का समय लग सकता है। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर पंचायत चुनाव आरक्षण की जो सिफारिशें आएंगी, उस पर फिर राजनीतिक दलों और अन्य संबंधित पक्षों से आपत्तियां मांगी जाएगी, जिनके निस्तारण करने में भी एक महीने का वक्त लग सकता है। ऐसे में पंचायत चुनाव हाल फिलहाल होना मुश्किल लग रहा है।
यूपी में पंचायत चुनाव कब होंगे
मॉनसून में बारिश के दौरान और धान जैसी खरीफ फसलों की बुवाई को देखते हुए भी पंचायत चुनाव होना मुश्किल हैं। ऐसे में अक्टूबर-नवंबर के आसपास ऐसा हो सकता है। लेकिन अगले साल मार्च में विधानसभा चुनाव को देखते हुए चार महीने पहले पंचायत चुनाव कराना सरकार के लिए राजनीतिक जोखिम भरा फैसला हो सकता है। पंचायत चुनाव में अक्सर गुटबाजी, वर्चस्व और राजनीतिक टकराव देखा जाता है। दलीय मर्यादाएं तार-तार हो जाती हैं। इसका पार्टी संगठनों पर बुरा असर पड़ सकता है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश
यूपी में ग्राम पंचायत चुनाव, क्षेत्र पंचायत चुनाव और जिला पंचायत चुनाव का मामला काफी समय से लटका है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकार को ओबीसी आयोग के गठन का आदेश दिया है। हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाकर्ता ने समय से पंचायत चुनाव कराने की मांग वाली याचिका दाखिल की थी। याचिका में कहा गया है कि पंचायत चुनाव टालना और ग्राम प्रधान की जगह प्रशासकों को जिम्मेदारी देना संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है।
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची
उत्तर प्रदेश में अभी पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची भी तैयार नहीं हो पाई है। राज्य निर्वाचन आयोग लखनऊ ने 10 जून तक फाइनल वोटर लिस्ट तैयार करने की समयसीमा तय की है। हालांकि आपत्तियों के निस्तारण में समय लग सकता है। तमाम पंचायतों के इलाके शहरों में शामिल होने से भी ग्राम पंचायतों की संख्या इस बार घट सकती है।
यूपी में कितनी ग्राम पंचायत
57695 ग्राम पंचायत
826 ब्लॉक पंचायत
75 जिला पंचायत